7 दिनों में तीन बार हुई जेलेंस्की की हत्या की कोशिशें, पुतिन की खिलाफ कौन कर रहा है मुखबिरी
लंदन, 04 मार्च: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग का आज नौवां दिन है। रूस एक के बाद एक यूक्रेन के शहरों पर कब्जा जमाता जा रहा है। इसी बीच एक रिपोर्ट सामने आई है जिसमें यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की की हत्या को लेकर चौंका वाला खुलासा हुआ है। ब्रिटेन के न्यूजपेपर द टाइम्स ने दावा किया है कि, वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की को रूसी हमले के बाद पिछले हफ्ते तीन बार मारने की कोशिश हुई लेकिन तीनों ही बार इस कोशिश को नाकाम कर दिया गया।

रूस ने एक सप्ताह में तीन बार जेलेंस्की को मारने की कोशिश की
द टाइम्स के अनुसार यूक्रेनी अधिकारियों को इस खतरे के बारे में चेतावनी मिलने के बाद ज़ेलेंस्की की हत्या की कोशिशों को नाकाम किया गया। द टाइम्स ने यूक्रेन के नेशनल सिक्योरिटी डिफेंस काउंसिल के सचिव ओलेस्की डेनीलोव के हवाले से बताया कि इन यूनिट्स को खत्म कर दिया गया। वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस ने यूक्रेनियों को जानकारी दी थी कि विशेष चेचन स्पेशल फोर्सेज़ की यूनिट कादिरोविट्स को जेलेंस्की को मारने के लिए भेजा गया है।

रूसियों ने फेल किया पुतिन का मिशन
द टाइम्स के अनुसार वोलोदिमीर जेलेंस्की की हत्या की कोशिश इसलिए नाकाम हो गई थीं, क्योंकि युद्ध का विरोध करने वाले रूस के लोगों ने यूक्रेन के सरकारी अधिकारियों को इन हमलों के बारे में खुफिया जानकारी दी थी। रिपोर्ट में दावा है कि रूस के कुछ जासूस राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्लान को सफल नहीं होना देना चाहते। इसी के चलते इन जासूसों ने जेलेंस्की की हत्या करने की पूरी योजना के बारे में यूक्रेन के अधिकारियों को बता दिया था।

चेचन विद्रोहियों की स्पेशल फोर्सेज़ को कीव के बाहर मार डाला
द टाइम्स ने यूक्रेन के नेशनल सिक्योरिटी डिफेंस काउंसिल के सचिव ओलेस्की डेनीलोव के हवाले से बताया कि चेचन विद्रोहियों की स्पेशल फोर्सेज़ को यूक्रेन की राजधानी कीव के बाहर मार डाला गया। डेनिलोव ने कहा कि, मैं ये कह सकता हूं कि हमें ये जानकारी एफएसबी से से मिली जो इस खूनी जंग में शामिल नहीं होना चाहते हैं। द टाइम्स ने अपने सोर्स का खुलासा नहीं किया है लेकिन रिपोर्ट किया है कि वह इस बात से डर गए कि जेलेंस्की की सुरक्षा टीम कितनी सतर्क है।
Recommended Video

वैगनर समूह के 400 से अधिक एजेंट कीव में एक्टिव हैं
बता दें कि, जेलेंस्की ने इससे पहले खुद भी दावा किया था कि उनको मारने के लिए कीव में 400 हत्यारे भेजे गए हैं और इस काम के बदले उनको बड़ा इनाम देने की घोषणा रूस ने की है। रिपोर्टों के अनुसार, क्रेमलिन समर्थित वैगनर समूह हत्या के दो प्रयासों के पीछे था। हालांकि यूक्रेनी खुफिया को इसकी जानकारी मिल गई जिसके बाद इन प्रयासों को समय रहते विफल कर दिया गया। वैगनर समूह के 400 से अधिक एजेंट कीव में एक्टिव हैं।












Click it and Unblock the Notifications