यूक्रेन से 26 हजार टन अनाज लेकर आज तुर्की पहुंचेगा ‘रजोनी’, दुनिया ने ली राहत की सांस
कीव, 02 अगस्तः रूसी आक्रमण के बाद पहली बार यूक्रेन से अनाज लेकर एक जहाज सोमवार को उसके ओडेसा बंदरगाह से लेबनान के लिए रवाना हो गया। संयुक्त राष्ट्र और तुर्की के सहयोग से कराए गए समझौतों के चलते यह संभव हो पाया है। यूक्रेन के विदेश मंत्री ने इसे खासकर उन देशों के लिए जो भोजन की कमी और भूख से परेशान हैं उनके लिए राहत का दिन बताया।

लेबनान जाएगा अनाज
सियरा लियोन के झंडे वाला मालवाहक जहाज 'रजोनी' 26,527 टन मक्का लेकर ओडेसा के बंदरगाह से लेबनान के सफर पर निकला। यह जहाज बोस्फोरस जलडमरूमध्य से गुजरने के बाद त्रिपोली, लेबनान के बंदरगाह पर जाएगा। 24 फरवरी को रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण के बाद से दुनिया भर खाद्य और ऊर्जा का संकट पैदा हो गया है। संयुक्त राष्ट्र ने इस साल के आखिर में कई अकालों के जोखिम की चेतावनी दी है। यूक्रेन और रूस वैश्विक गेहूं निर्यात का लगभग एक तिहाई हिस्सा निर्यात करते हैं। लेकिन दोनों देशों के युद्ध के बाद इस निर्यात पर रोक लग चुका था।
तुर्की और संयुक्त राष्ट्र के बीच हुआ था समझौता
यूक्रेन के बुनियादी ढांचा मंत्री ओलेक्सांद्र कुब्राकोव ने फेसबुक पर पोस्ट साझा करते हुए बताया, 'आज यूक्रेन अपने साझेदारों के साथ दुनिया को भुखमरी से बचाने के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है।' रूस और यूक्रेन में 22 जुलाई को इस्तांबुल में तुर्की और संयुक्त राष्ट्र के साथ कुछ समझौतों पर दस्तखत किए थे, जिससे कीव के लिए रूसी आक्रमण के बाद काला सागर के बंदरगाहों पर पिछले पांच महीनों से फंसे 2.2 करोड़ टन अनाज व अन्य कृषि उत्पादों का निर्यात करने का रास्ता साफ हो गया था। इस समझौते का उद्देश्य ओडेसा, कार्नोमोर्स्क और पिवडेनी के अंदर औऱ बाहर अनाज शिपमेंट के लिए सुरक्षित रास्ता प्रदान करना है। ये समझौता रूस को भी अनाज और खाद का निर्यात करने की अनुमति देता है।
आज इस्तांबुल पहुंचेगा जहाज
मॉस्को में क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने जहाज की रवानगी को बेहद सकारात्मक कदम करार दिया। उन्होंने कहा कि इससे उन उपायों का प्रभाव आंकने में मदद मिलेगी, जिन पर इस्तांबुल में हुई वार्ता के दौरान सहमति बनी थी। रजोनी के मंगलवार दोपहर इस्तांबुल पहुंच जाएगा। इस दौरान रूस, यूक्रेन, तुर्की और संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों की एक टीम जांच के लिए जहाज पर सवार होगी। इसके बाद उसे लेबनान रवाना कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications