यूक्रेन युद्ध का 23वां दिन, रूसी सेना को थकते देख जेलेंस्की ने फिर भरी हुंकार, पुतिन के लिए अब जीत असंभव?
ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने लेटेस्ट खुफिया रिपोर्ट्स के आधार पर शुक्रवार को दावा किया है कि, ‘यूक्रेन में रूसी सेना के आक्रमण की रफ्तार लड़खड़ाने’ लगी है।
कीव/मॉस्को, मार्च 18: यूक्रेन युद्ध को शुरू हुए 23 दिन हो चुके हैं, लेकिन रूस को अभी भी यूक्रेन में जीत नहीं मिली है और अब धीरे धीरे पुतिन की सेना यूक्रेन में थकती हुई दिखाई दे रही है। ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा है कि, ''रूस की आक्रामकता'' में अब कमी आ गई है, लेकिन सबसे खतरनाक बात ये है कि, अब रूसी सेना रिहायशी इलाकों को बुरी तरह से निशाना बना रही है। वहीं, रूस के खिलाफ प्रतिबंधों का दायरा भी बढ़ता जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं, कि क्या यूक्रेन, रूस के लिए अगला अफगानिस्तान साबित होने जा रहा है?

रूस की आक्रामकता में आई कमी
ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने लेटेस्ट खुफिया रिपोर्ट्स के आधार पर शुक्रवार को दावा किया है कि, 'यूक्रेन में रूसी सेना के आक्रमण की रफ्तार लड़खड़ाने' लगी है। ब्रिटिश रिपोर्ट में दावा किया गया है कि, ''यूक्रेन में रूसी सैनिकों को हथियारों की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके साथ ही सैनिकों को भोजन सामग्री की आपूर्ति की भी कमी है, लिहाजा रूसी सैनिक अब पूरी ताकत के साथ लड़ाई नहीं लड़ पा रहे हैं। ब्रिटिश सरकार के एक ट्वीट में कहा गया है कि, 'रूस के हजारों सैनिक डर में जी रहे हैं, कि उनकी गाड़ियों के पास अब ईंधन खत्म हो रहा है और भोजन सामग्री की कमी से भी उनका मनोबल टूट रहा है''।

जेलेंस्की ने फिर भरी हुंकार
यूक्रेन के बंदरगाह वाले शहर मारियुपोल को रूसी सेना युद्ध के शुरूआत से ही लगातार निशाना बना रही है, लेकिन युद्ध के 23 दिन बीतने के बाद भी मारियुपोल पर रूस का कब्जा नहीं हो पाया है। हालांकि, मारियुपोल शहर अब खंडहरों में तब्दील जरूर हो चुका है, लेकिन अभी भी हजारों लोग शहर में डटे हुए हैं और बंकरों में छिपे हुए हैं। वहीं, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने एक बार फिर से हुंकार भरी है और मारियुपोल के पुननिर्माण की पेशकश के लिए इटली को धन्यवाद दिया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि, ''हम एक साथ मिलकर देश की आखिरी ईंट तक का पुननिर्माण करेंगे''। ज़ेलेंस्की ने इटली के मंत्री डारियो फ्रांसेचिनी के ट्वीट के बाद जवाब देते हुए ये बात कही। आपको बता दें कि, इटली कैबिनेट ने मारियुपोल शहर के पुननिर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

रूसी हमले में 50 की मौत
गुरुवार तड़के मारियुपोल में थिएटर पर भीषण हमले में कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, मरने वाले लोगों की संख्या में इजाफा हो सकता है। वहीं, राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है और मौके से विचलित करने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं और लोगों को मलबों से गंभीर हालत में बाहर निकालते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, रूसी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने इस आरोप को "झूठ" कहा कि मास्को ने थिएटर पर बमबारी की। रूस ने कहा कि,. "हमारे सशस्त्र बल कस्बों और शहरों पर बमबारी नहीं करते"।

43 हेल्थकेयर सिस्टम पर हमले
रूसी सेना ने अभी तक यूक्रेन में 43 हेल्थकेयर सिस्टम्स पर हमले किए हैं, जिनमें 12 लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों लोग गंभीर घायल हुए हैं। रूसी हमले में कई स्वास्थ्य कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं और डब्ल्यूएचओ की तरफ से इसकी पुष्टि की गई है। डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्येयियस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को बताया है कि, "किसी भी संघर्ष में, स्वास्थ्य सेवा पर हमले अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन हैं।''

शांति वार्ता पर आंशिक सफलता
वहीं, यूक्रेन संघर्ष के बीच रूस और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच जारी शांति वार्ता में आंशिक कामयाबी मिली है और कई समझौतों पर बातचीत होना अभी बाकी है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के हवाले से कहा कि, "हमारा प्रतिनिधिमंडल भारी प्रयास कर रहा है। हमारा प्रतिनिधिमंडल... चौबीसों घंटे काम करने के लिए तैयार है - लेकिन दुर्भाग्य से हमें यूक्रेन की ओर से ऐसा उत्साह नहीं दिख रहा है।"

रूसी अल्टीमेटम स्वीकार नहीं- यूक्रेन
समाचार एजेंसी रॉयटर्स की खबर के मुताबिक, यूक्रेन ने रूस के अल्टीमेटम को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। कीव ने कहा है कि, वह "रूसी अल्टीमेटम" को स्वीकार नहीं करेगा। यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार मायखाइलो पोडोलीक ने रॉयटर्स को बताया कि, "पार्टियों की स्थिति अलग है, लेकिन हमारे मौलिक मुद्दे अदृश्य हैं।"

पोलैंड में मिसाइल रक्षा प्रणाली भेजेगा ब्रिटेन
ब्रिटेन के रक्षा सचिव ने कहा है कि, यूक्रेन पर रूस के आक्रमण की प्रतिक्रिया में उनका देश नाटो सहयोगी पोलैंड को एक मिसाइल रक्षा प्रणाली तैनात करेगा। पोलिश राजधानी की यात्रा के दौरान, रक्षा सचिव बेन वालेस ने कहा कि, यूनाइटेड किंगडम लगभग 100 कर्मियों के साथ पोलैंड में स्काई सेबर मध्यम दूरी की एंटी-एयर मिसाइल प्रणाली भेज रहा है। उन्होंने कहा कि यह कदम "यह सुनिश्चित करने के लिए है कि हम पोलैंड के साथ उसके हवाई क्षेत्र को रूस के किसी भी आक्रमण से बचाने के लिए खड़े हों।" आपको बता दें कि, पोलैंड की सीमा के पास यूक्रेन में इसी हफ्ते रूस ने भीषण हमला किया था, उसके बाद ब्रिटेन की तरफ से ये फैसला लिया गया है।

शी जिनपिंग से बाइडेन करेंगे बात
वहीं, यूक्रेन संकट को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से टेलीफोन पर बात करेंगे। व्हाइट हाउस की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि, "यह बातचीत संयुक्त राज्य अमेरिका और पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के बीच संचार की खुली लाइनों को बनाए रखने के चल रहे प्रयासों का हिस्सा है।" व्हाइट हाउस ने कहा कि, "दोनों नेता दोनों देशों के बीच प्रतिस्पर्धा के प्रबंधन के साथ-साथ यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध और आपसी चिंता के अन्य मुद्दों पर चर्चा करेंगे।" आपको बता दें कि, यूक्रेन युद्ध ने चीन और अमेरिका के तनाव को और भड़का दिया है और अमेरिका की तरफ से चीन को रूस की मदद नहीं करने की चेतावनी दी गई है।

रूसी सैनिकों को जेलेंस्की ने दी चेतावनी
यूक्रेन में युद्ध लड़ने आए रूसी सैनिकों को एक बार फिर से यूक्रेनी राष्ट्रपति ने सीधे तौर पर संबोधित किया है और युद्ध में शामिल होने के उनके विचार को 'उनके जीवन का सबसे खराब' विचार करार दिया है। वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति ने युक्रेन युद्ध में शामिल होने की तैयारी कर रहे रूसी सैनिकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि, "यह आपके जीवन का सबसे खराब निर्णय होगा"। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने देर रात एक वीडियो संबोधन में कहा कि, ''आपकी छोटी जिंदगी के लिए वो जो पैसा आपको दे रहे हैं, वो आपकी लंबी जिंदगी के सामने कुछ नहीं है''।












Click it and Unblock the Notifications