भारत को लुभाने तुर्की ने पाकिस्तान को दिया झटका? अर्दोआन ने पहली बार UNGA स्पीच में नहीं लिया कश्मीर का नाम
Turkey: पिछले कुछ सालों से संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में पाकिस्तान के अलावा सिर्फ तुर्की ही कश्मीर का नाम लेता था, लेकिन इस बार उसने भी कश्मीर मुद्दे का जिक्र नहीं किया, जो शहबाज शरीफ की सरकार के लिए बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है।
तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में अपने वार्षिक संबोधन में कश्मीर का जिक्र नहीं किया और उन्होंने 2019 से चली आ रही खुद की बनाई परंपरा को तोड़ दिया है। यह परिवर्तन महत्वपूर्ण है, क्योंकि अर्दोआन ने लगातार जम्मू और कश्मीर मुद्दे को उठाया है, खासकर भारत ने जब अनुच्छेद 370 को निरस्त किया था, उसके बाद से तुर्की के एजेंडे में हमेशा कश्मीर रहा है।

अर्दोआन की पिछली टिप्पणियों को अक्सर भारत के घरेलू मामलों में अनुचित हस्तक्षेप के रूप में देखा जाता था, जिसे नई दिल्ली ने लगातार खारिज किया है। 2019 से अर्दोआन ने जम्मू और कश्मीर में भारत की नीतियों की आलोचना करने के लिए UNGA मंच का उपयोग किया है, जिसमें दावा किया गया है कि घाटी में शांति, समृद्धि और स्थिरता नहीं है।
लेकिन, मंगलवार को न्यूयॉर्क में यूएनजीए में अपने भाषण के दौरान, अर्दोआन ने अपने भाषण में मुख्य रूप से इजराइल-गाजा संघर्ष पर ध्यान केंद्रित किया, और फिलिस्तीनी क्षेत्र को "दुनिया के सबसे बड़े कब्रिस्तान" में बदलने के लिए संयुक्त राष्ट्र की तीखी आलोचना की।
अर्दोआन ने क्यों नहीं लिया भारत का नाम?
कश्मीर का नाम नहीं लेना काफी हैरानी भरा है और तुर्की की नीति में आया ये बदलाव क्या है और कश्मीर को भाषण में क्यों शामिल नहीं किया गया है, इसकी फिलहाल जानकारी नहीं है। लेकिन, एक वजह ये हो सकती है, कि तुर्की शायद भारत के साथ रिश्तों को सामान्य करना चाहतो हो।
यह भी संभव है, कि भारत की बढ़ती वैश्विक स्थिति ने अर्दोआन के फैसले को प्रभावित किया हो। कश्मीर पर उनका नरम रुख भारत के साथ संबंधों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक रणनीतिक कूटनीतिक पैंतरेबाजी हो सकती है।
2019 में, भारत द्वारा अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के तुरंत बाद अर्दोआन ने UNGA में कहा था, कि "कश्मीरी लोगों को अपने पाकिस्तानी और भारतीय पड़ोसियों के साथ एक सुरक्षित भविष्य देखने के लिए, संघर्ष के माध्यम से नहीं, बल्कि बातचीत और न्याय और समानता के आधार पर समस्या को हल करना अनिवार्य है।"
उन्होंने जोर देकर कहा था, कि क्षेत्र में लाखों लोग "नाकेबंदी" में हैं और इस पर अंतरराष्ट्रीय ध्यान देने की आवश्यकता है।
इसके अगले साल, 2020 में भी अर्दोआन ने कश्मीर मुद्दे पर अपना ध्यान केंद्रित किया, कश्मीर "संघर्ष" को "ज्वलंत मुद्दा" बताया और कहा, कि विशेष दर्जा समाप्त होने के बाद की गई कार्रवाइयों ने "समस्या को और जटिल बना दिया है।"
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के मुताबिक बातचीत के माध्यम से समाधान का भी आह्वान किया। भारत ने पिछले कुछ वर्षों में अर्दोआन की टिप्पणियों का मजबूती से जवाब दिया है। संयुक्त राष्ट्र में प्रतिनिधियों के साथ, जिसमें संयुक्त राष्ट्र में तत्कालीन स्थायी प्रतिनिधि टी.एस. तिरुमूर्ति भी शामिल हैं, उन्होंने तुर्की से अन्य देशों की संप्रभुता का सम्मान करने और भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के बजाय अपनी नीतियों पर विचार करने का आग्रह किया है।
अर्दोआन ने पाकिस्तान को क्यों दिया झटका?
अर्दोआन खुले तौर पर पाकिस्तान के साथ घनिष्ठ संबंधों को बढ़ावा देते आए हैं। फरवरी 2020 में पाकिस्तान की अपनी यात्रा के दौरान, उन्होंने पाकिस्तानी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कश्मीर पर इस्लामाबाद की स्थिति के लिए निरंतर समर्थन का वादा किया। तब से, अर्दोआन ने पाकिस्तान के साथ संबंधों को मजबूत करना जारी रखा है।
2021 से 2023 तक कश्मीर के बारे में चिंता जताने और भारत विरोधी रुख बनाए रखने के बावजूद, इस साल UNGA में अर्दोआन की बयानबाजी में कश्मीर का कोई उल्लेख नहीं था, जो संभवतः तुर्की की अंतरराष्ट्रीय प्राथमिकताओं में बदलाव का संकेत देता है और वैश्विक शक्ति के रूप में भारत के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है।












Click it and Unblock the Notifications