ट्रंप के निशाने पर चीन, कहा- राष्ट्रपति बना तो करूंगा कड़ी कार्रवाई
वाशिंगटन। डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर हमला बोलते हुए उसे अंतरराष्ट्रीय समझौतों को तोड़ने वाला और मुद्रा जोड़-तोड़ का माहिर करार दिया है।

ट्रंप के निशाने पर चीन
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी से उम्मीदवार बनाए गए ट्रंप ने कहा कि अगर मैं राष्ट्रपति बना तो उन राष्ट्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करूंगा जो व्यापारिक समझौतों को नहीं मानते हैं।
70 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी और नेता ट्रंप ने कहा कि वह अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधियों को चीन के खिलाफ व्यापार समझौतों के उल्लंघन के मामले की जांच में लगाएंगे।
जिसमें दक्षिणी चीन सागर में उसके द्वारा रणनीतिक बढ़त के लिए बड़े पैमाने पर सैन्य क्षमता बढ़ाने का मुद्दा भी शामिल रहेगा।
चीन पर उठाए कई सवाल
ट्रंप ने कड़े शब्दों में चीन पर हमला बोलते हुए उसे अंतरराष्ट्रीय समझौतों का उल्लंघन करने वाला करार दिया है। वह हमारे नेतृत्व क्षमता का सम्मान नहीं करता। इसके लिए हम उसे दोष नहीं दे रहे हैं। हम चाहते हैं कि उसे जल्द सकारात्मक शब्दों में जवाब मिल सके।
ट्रंप ने आगे कहा कि आप देखिएगा, जो वह अभी कर रहा है कुछ समय बाद वह हमें अच्छे से जानने लगेगा। वह हमें पसंद नहीं करता है। वह बड़ी सेना बनाकर दक्षिणी चीन सागर पर अपनी सैन्य क्षमता को बढ़ा रहा है, हालांकि उसे इस बात की इजाजत नहीं है।
हालांकि हम चीन से भी बड़ी ताकत हैं, लेकिन कुछ कर नहीं सकते। वह दक्षिणी चीन सागर में अपनी ताकत बढ़ाता ही जा रहा है। ट्रंप ने ये बातें फ्लोरिडा के टांपा में एक चुनावी रैली के दौरान कही।












Click it and Unblock the Notifications