जर्मनी के सोलिंगन में उत्सव के दौरान हमला, 3 की मौत, 4 घायल
जर्मनी के सोलिंगन में एक उत्सव के दौरान चाकू से हमला किए जाने की घटना में कम से कम तीन लोगों की जान चली गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला फ्रॉनहोफ़ सेंट्रल स्क्वायर पर हुआ। संदिग्ध आरोपी को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चल रहा है। फिलहाल आरोपी फरार है।
जब हमला हुआ, तब सोलिंगेन की 650वीं वर्षगांठ मनाने के लिए "विविधता का उत्सव" चल रहा था। घटनास्थल से ली गई तस्वीरों में कई एम्बुलेंस और पुलिस अधिकारी मौजूद दिख रहे हैं, जबकि ऊपर एक हेलीकॉप्टर मंडरा रहा है।

स्थानीय अधिकारियों ने निवासियों से सुरक्षा कारणों से शहर के मध्य क्षेत्र को खाली करने का आग्रह किया। सोलिंगर टेगब्लैट ने बताया कि पुलिस सूत्रों ने संकेत दिया है कि इस्तेमाल किया गया हथियार संभवतः चाकू था। फिलहाल अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
सोलिंगन के मेयर टिम कुर्ज़बैक ने फेसबुक पर इस घटना को लेकर अपना दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज शाम सोलिंगन में हम सभी लोग सदमा, भय और बहुत दुख का अनुभव कर रहे हैं। हम सभी अपने शहर की सालगिरह एक साथ मनाना चाहते थे और अब हमें मृतकों और घायलों के लिए शोक मनाना पड़ रहा है।
उन्होंने बचाव और सुरक्षा कर्मियों को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया और अपने जीवन के लिए संघर्ष कर रहे लोगों के लिए प्रार्थनाएं भेजीं। सोलिंगन शहर में करीब 160,000 निवासी हैं और यह कोलोन और डसेलडोर्फ के पास स्थित है। इस उत्सव का उद्देश्य समुदाय को एक साथ लाना था, लेकिन इस दुखद घटना के कारण यह आयोजन धूमिल हो गया।
जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए ने पुलिस के अज्ञात सूत्रों के हवाले से पुष्टि की है कि अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है। अधिकारियों ने आतंकवाद की संभावना से इनकार नहीं किया है।












Click it and Unblock the Notifications