इमोशनल स्टोरी: जाने वाली है 3 बच्चों के आंखों की रोशनी, सब कुछ छोड़ पूरी दुनिया देखने निकला परिवार
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक कैनेडियन परिवार का किस्सा खूब वायरल हो रहा है, जो अपने बच्चों के साथ दुनिया घूमने निकले हैं। आप सोच रहे होंगे कि बहुत से अभिभावक अपने बच्चों के साथ घूमने जाते हैं, तो इन लोगों में क्या खास बात है? इसका जवाब इमोशनल कर देने वाला है।

तीन बच्चों की जाने वाली है रोशनी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक कैनेडियन कपल के चार बच्चे हैं, जिनमें से तीन की आंखों की रोशनी जानी वाली है। ये एक दुर्लभ बीमारी की वजह से हो रहा। जिसमें उम्र बढ़ने के साथ ही आंखें कमजोर होती चली जाती हैं। फिर एक वक्त ऐसा आता है, जब पूरी तरह से दिखना बंद हो जाता है। वैसे तो आमतौर पर लोग ऐसी बीमारियों का शिकार होने के बाद डिप्रेशन में चले जाते हैं या उनकी जिंदगी की खुशियां गायब हो जाती हैं, लेकिन इस परिवार ने बचे हुए लम्हों को यादगार बनाने का फैसला लिया।

क्या है बीमारी का नाम?
रिपोर्ट में आगे बताया गया कि कई सालों पहले सेबेस्टीन और इदिथ को पहली संतान बेटी हुई, जिसका नाम मिया था। वो बहुत खुश थे, लेकिन जब वो तीन साल की हुई तो पता चला कि उसकी आंखों में कुछ दिक्कत है। जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि वो रेटिनाइटिस पिगमेंटोसा नामक बीमारी से पीड़ित है। उम्र के साथ इस बीमारी का असर बढ़ता जाएगा और उसकी आंखें कमजोर होती जाएंगी।

चौथा बेटा अभी सुरक्षित
मिया के बाद कपल के दो बच्चे कोलिन (7 साल) और लॉरेन (5 साल) हुए। जन्म के कुछ वक्त बाद उनके अंदर भी मिया वाले लक्षण दिखे। इसके बाद उनकी चौथी संतान हुई, जिसका नाम लियो है। वैसे तो सेबेस्टीन के तीन बच्चे रेटिनाइटिस पिगमेंटोसा नाम की बीमारी से पीड़ित हैं, लेकिन लियो अभी पूरी तरह से स्वस्थ है। डॉक्टरों के मुताबिक इस बीमारी से पीड़ित बच्चों की रोशनी तुरंत तो नहीं जाती, लेकिन अधेड़ होते-होते वो अंधे हो जाते हैं।

मां ने कही ये बात
इस मुश्किल हालात में परिवार ने हार नहीं मानी, उन्होंने इलाज तो जारी रखा, साथ ही तीनों बच्चों की रोशनी जाने से पहले पूरी दुनिया की सैर पर निकल गए। मीडिया से बात करते हुए बच्चों की मां इदिथ ने कहा कि वो अपने बच्चों की मेमोरी शानदार यात्राओं से भरना चाहती हैं। वो नहीं चाहतीं उनके बच्चे सिर्फ फोटो में दुनिया को महसूस करें, वो चाहती हैं कि वो जाकर खूद उन्हें देखें।

कहां से आए पैसे?
ये कपल फाइनेंस सेक्टर में जुड़ा था। जब उन्होंने दुनिया घूमने की योजना बनाई तो उनको काफी पैसों की जरूरत थी। इसी बीच उनकी कंपनी को किसी बड़ी फर्म ने खरीद लिया, जिस वजह से उनके पास काफी पैसे आ गए। वैसे तो उन्होंने 2020 से वर्ल्ड टूर का प्लान बनाया था, लेकिन कोरोना के चलते वो लेट हो गए। इस साल से वो दुनिया देखने निकल चुके हैं और बच्चों के हर पल को यादगार बना रहे।












Click it and Unblock the Notifications