ठंडे देश में इतना चढ़ा पारा कि पिघला रनवे, सभी उड़ानें रद्द, तापमान और बढ़ने का अलर्ट
लंदन, 19 जुलाई: यूरोप के कई देश खासकर ब्रिटेन इसबार भयानक गर्मी की मार झेल रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं, जैसे भारत में भी भीषण गर्मियों के बावजूद नहीं देखने को मिलते हैं। वहां ज्यादा तापमान की वजह से दिन में सड़कों की डामर पिघलने लगी हैं। लंदन के एक लोकप्रिय एयरपोर्ट से कल कई घंटे इसलिए विमान सेवाएं रोक देनी पड़ीं, क्योंकि रनवे ही पिघल गया था। सिर्फ पब्ल्कि एयरपोर्ट नहीं, वहां के रॉयल एयर फोर्स के सबसे बड़े एयरबेस की भी ऐसी ही स्थिति हो गई। रनवे टेकऑफ और लैंडिंग के लायक नहीं रह गया। मौसम विभाग ने आज के लिए सोमवार से भी ज्यादा तापमान बढ़ने की भविष्यवाणी की है।

ल्यूटन एयरपोर्ट का रनवे पिघला, विमान सेवाएं ठप
ब्रिटेन के एक लोकप्रिय एयरपोर्ट पर सोमवार को बहुत ज्यादा गर्मी के चलते जो हालात पैदा हुए वह शायद पूरी दुनिया के भविष्य के लिए बहुत ही गंभीर चेतावनी है। लंदन के ल्यूटन एयरपोर्ट का रनवे ही ज्यादा तापमान में पिघल गया, जिसकी वजह से विमानों के लिए उड़ान भरना नामुमकिन हो गया। उबलने वाले तापमान की वजह से रनवे विमानों के टेकऑफ या लैंडिंग के लिए पूरी तरह से असुरक्षित हो गया था, जिसके चलते करीब तीन घंटे तक दिन के व्यस्तम समय में सारी उड़ानों को रद्द कर देना पड़ा।

36 डिग्री तक पहुंचा था एयरपोर्ट का तापमान
सोमवार को ल्यूटन एयरपोर्ट का तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया था, जो कि ब्रिटेन के लिए भयानक हीटवेव है। ल्यूटन एयरपोर्ट से इजीजेट, विज एयर, रायनएयर और टूयूआई जैसी एयरलाइंस के विमानों का संचालन होता है। मिरर की एक रिपोर्ट के मुताबिक अंतिम फ्लाइट दिन के 3 बजकर 7 मिनट पर उड़ा, लेकिन उसके बाद उड़ानें कैंसिल करनी पड़ गईं। प्रवक्ता की ओर से घोषणा की गई कि ल्यूटन एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली सारी फ्लाइट रद्द की जाती हैं और जो विमान ल्यूटन एयरपोर्ट पर उतरने वाले हैं, उन सबको डायवर्ट किया जा रहा है।

यात्री कई घंटों तक परेशान होते रहे
करीब तीन घंटे बाद फिर से विमानों के टेकऑफ शुरू होने की घोषणा की गई, लेकिन उतरने वाली फ्लाइट को फिर भी डायवर्ट किया जाता रहा। पैसेंजर बेसब्र हो रहे थे कि पता नहीं उनकी फ्लाइट का क्या होने वाला है। एक यात्री ने ट्वीट किया, 'इसमें कितना समय लगेगा????' एक और पैसेंजर ने लिखा, 'उन्होंने अभी-अभी ल्यूटन एयरपोर्ट को बंद कर दिया है, कम से कम एक घंटे के लिए। हम लोग घुसने वाले ही थे कि उन्होंने सबकुछ बंद कर दिया। आने वाली उड़ानें डायवर्ट की जा रही हैं।' शाम में 5.40 से विमानों की उड़ान शुरू होने की घोषणा की गई और लैंडिंग को अगले आदेश तक के लिए इस एयरपोर्ट पर निलंबित किया गया। एयरपोर्ट ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया।

रॉयल एयर फोर्स के सबसे बड़े एयर बेस का रनवे भी बंद रहा
प्रवक्ता की ओर से कहा गया कि 'आज के ज्यादा तापमान के बाद रनवे की सतह पर गड़बड़ी देखी गई।......साइट पर इंजीनियरों को तत्काल बुलाया गया और रिपेयर का काम अभी चल रहा है, ताकि संचालन जल्द से जल्द शुरू किया जा सके।......असुविधान के लिए हम खेद जताते हैं।' रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटेन की रॉयल एयर फोर्स को भी अपने सबसे बड़े एयर बेस ब्रिज नॉर्टन में भी उड़ानों की आवाजाही रोकनी पड़ गई, क्योंकि यहां भी रनवे पिघल गया था। बाद में बीबीसी ने रिपोर्ट दी कि रनवे की रिपेयरिंग के बाद उड़ान सेवाएं फिर से शुरू कर दी गई हैं।

मंगलवार को 41 डिग्री तक के तापमान का अनुमान
दरअसल, ठंडे देश ब्रिटेन में इसबार बहुत ही ज्यादा गर्मी पड़ रही है और यहां तापमान 42 डिग्री तक जाने की आशंका जाहिर की जा चुकी है। मंगलवार के लिए यहां के मौसम विभाग ने इंग्लैंड के ज्यादातर हिस्सों में पारा 41 डिग्री तक चढ़ने का अनुमान जताया है और लोगों को 'रेड एक्स्ट्रीम हीट वॉर्निंग' जारी की गई है। वहां लोगों को आगाह किया जा रहा है कि घरों के अंदर ही रहें और जितना कम हो सके बाहर निकलें। गर्मी की वजह से पब्लिक ट्रांसपोर्ट से भी बचने की सलाह दी जा रही है। यहां अस्पतालों में अप्वाइंटमेंट रद्द किए जा रहे हैं और कई स्कूल भी बंद किए जा चुके हैं।

लोगों को डॉक्टरों की ओर से दिए जा रहे हैं विशेष सलाह
डॉक्टरों की ओर से ज्यादा तापमान की वजह से होने वाले खतरों के प्रति आगाह किया जा रहा है। शारीरिक व्यायाम से भी बचने की सलाह दी जा रही है और धूप से बचने, हवादार जगहों में रहने, खूब पानी पीने और धूप से रक्षा करने वाली क्रीम के इस्तेमाल के लिए भी कहा जा रहा है। लोगों को नदियों और झीलों में नहाने से भी मना किया जा रहा है, क्योंकि इससे खुले में नहाने से जुड़े खतरे शामिल हैं। (कुछ तस्वीरें- प्रतीकात्मक)












Click it and Unblock the Notifications