Viral Video:अंडे-चूजे खाने के लिए पिंजरे में घुस आया था काला सांप, मुर्गी ने उसके साथ क्या किया, देखिए
नई दिल्ली, 29 अगस्त: इंटरनेट पर एक वीडियो बहुत वायरल हो रहा है जिसमें एक चिकन ने सांप को दिखा दिया कि दोनों में सबसे ज्यादा ताकतवर कौन है। इस वीडियो को ट्विटर पर काफी देखा जा रहा है। पूरे वीडियो में मुर्गी सांप पर पूरी तरह से भारी पड़ी है और उसपर तबतक चोंच से हमला करती रही है, जबतक वह जंगल में गुम नहीं हो गया। सांप को भगाने के लिए एक पालतू कुत्ता भी आया था, लेकिन उसे पहले ही रोक दिया गया, नहीं तो सांप की हालत और भी पतली हो सकती थी। (वायरल वीडियो खबर के आखिर में देखिए)

जब ब्लैक रेसर सांप पर टूट पड़ी मुर्गी
एक ब्लैक रेसर सांप जंगल से चुपचाप आकर मुर्गियों के दड़बे में घुस आया था। उसके सामने जितने भी अंडे पड़े थे, उनमें से उसने कुछ खा लिए। लेकिन, जब मुर्गी को उसकी मौजूदगी की भनक लगी तो उसने 'मां' का वही अवतार दिखाया, जो अपने बच्चों को नुकसान पहुंचने पर कोई भी मां दिखाती है। एक काले सांप से मुर्गी का इस तरह से अनोखा सामना करने का वीडियो ट्विटर पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें मुर्गी ने उस खौफनाक सांप को जंगल की ओर भागने को मजबूर कर दिया।

मुर्गी के हमले के बाद भाग पड़ा सांप
दरअसल, सांप के कारनामे की मुर्गी को भनक तक नहीं थी। वीडियो में जो दिख रहा है और आवाजें आ रही हैं, उससे पता चलता है कि मुर्गी पालने वाली महिला की नजर पिंजरे में घुस आए उस सांप पर पड़ी थी। उसने एक और शख्स के साथ लकड़ी का एक टुकड़ा लेकर सांप को दड़बे से हटाने की कोशिश की। सांप नीचे गिरने ही वाला था कि मुर्गी ने जोरदार एंट्री मारी और उस भयानक सांप पर झपट पड़ी। सांप झटके के साथ नीचे गिरा और भागने लगा। लेकिन, मुर्गी उसपर कहर बनकर टूट पड़ी।

मुर्गी को मिला पालतू कुत्ते का साथ
फार्म की मालकिन वीडियो में मुर्गी से कहती सुनाई पड़ रही है कि चिकन, चिकन रुको! ममा चिकन रुको! उसे डर था कि कहीं सांप मुर्गी को डस ना ले। लेकिन, मुर्गी को लग रहा था कि सांप ने उसके अंडों और चूजों पर हमला किया है, इसलिए वह लगातार सांप पर तब तक अपनी चोंच से हमला करती रही, जबतक कि वह जंगल की ओर भाग नहीं गया। इसी दौरान फार्म मालकिन का एक छोटा सा पालतू कुत्ता भी सांप को दौड़ाते हुए पीछे भागा, लेकिन उसे फौरन वापस लौटने की हिदायत मिली, जिसके बाद वह दुम हिलाता हुआ वापस लौट आया।

मुर्गियों के अंडे खाने के लिए ही घुसा था सांप
सांप अक्सर चूजे और मुर्गी के अंडे खा लते हैं। उसके लिए चिकन को खाना तो आसान नहीं है, लेकिन वह आसानी से उसे डसकर मार सकते हैं ताकि अंडे खाने से उसे रोकने वाला कोई न हो। इस वीडियो से यही लगता है कि सांप अंडे और चूजे खाने के लिए ही वहां घुसा था, लेकिन मुर्गी ने उसे मार-मार कर भगा दिया।(तस्वीरें- वायरल वीडियो के ग्रैब से)
ट्विटर पर इस वीडियो को खूब देख रहे हैं लोग
इस वीडियो को वायरलहॉग नाम के ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया है और करीब 28,000 व्यूज मिल चुके हैं। इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया है- 'यह बहादुर चिकन ब्लैक रेसर सांप को भगाने में कामयाब रही है।' इस पूरे वीडियो में सांप मुर्गी के सामने पूरी तरह से लाचार नजर आया है, जबकि आमतौर पर सांप इतनी आसानी से हार मानने के लिए तैयार नहीं होता।












Click it and Unblock the Notifications