थाईलैंड: गुफा में फंसी फुटबॉल टीम को पिछले 5 दिनों से ढूंढने की कोशिश जारी
चियांग राय। थाईलैंड में तेज बारिश की वजह से बच्चों की एक फुटबॉल टीम और उनके कोच एक लंबी गुफा में पिछले 5 दिनों से फंसे हुए हैं। इन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस ऑपरेशन में करीब 100 सेना के जवानों को उन बच्चों को सुरक्षित निकालने के लिए लगाया गया है। गुफा में प्रवेश करने वाला रास्ता पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है, उसके बाद सेना के जवान दूसरा रास्ता ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं। इस ऑपरेशन में थाइलैंड की मिलिट्री टीम और नेवी सील यूनिट को लगाया गया है।

थाईलैंड के उत्तरी क्षेत्र चियांग राय में पहाड़ के अंदर करीब 10 किमी लंबी गुफा में कुल 12 बच्चों की एक फुटबॉल टीम और उनके कोच फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले शनिवार से इस पूरे ग्रुप से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
बीबीसी के मुताबिक, सर्च ऑपरेशन की टीम थर्मल सेंसर के साथ-साथ गुफा के ऊपर ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है, लेकिन घने बादलों होने की वजह से ऑपरेशन में भी दिक्कतें आ रही है। मंगलवार को इस गुफा में कुछ फुटप्रिंट देखे गए थे, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि शायद वे सब लोग सुरक्षित हो सकते हैं।
तेज बारिश की वजह से गुफा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे सर्च ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आ रही है। फुटबॉल प्रैक्टिस के बाद वापस आते वक्त बच्चों की फुटबॉल टीम गुफा में फंस गई। फंसे हुए बच्चों की उम्र 11 से 16 साल के बीच बताई जा रही हैं, वहीं कोच की उम्र 25 साल है। चियांग राय शहर के पास लुआंग नांन नोन गुफा थाईलैंड की चौथी सबसे बड़ी गुफा है, जो कि वहां के स्थानीय लोगों के बीच बहुत लोकप्रिय है।












Click it and Unblock the Notifications