अफगानिस्तान: काबुल पर कब्जे के बाद सरकार गठन की तैयारी में तालिबान, जल्द करेगा ऐलान
काबुल, 22 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जब भारत में आजादी का जश्न मनाया जा रहा था तो उसी समय अफगानिस्तान पर तालिबान ने अपने कब्जे का ऐलान किया। कूटनीतिक दृष्टि से भारत के लिए सबसे अहम देश अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद ना सिर्फ इंडिया बल्कि कई और देशों की चिंता बढ़ गई है। इस बीच खबर आ रही है कि तालिबान जल्द ही अफगानिस्तान में नई सरकार के गठन का ऐलान कर सकता है। बीते दिनों एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तालिबान की तरफ से वैश्विक शक्तियों से उनकी सरकार को समर्थन देने की बात कही गई थी।

अमेरिकी सेना की वापसी के बाद जिस तेजी से तालिबान ने अफगानिस्तान की राष्ट्रीय राजधानी काबुल पर अपना कब्जा किया, उसी तेजी से अब वह सरकार के निर्माण में जुट गया है। काबुल पर कब्जा करने के एक हफ्ते बाद, तालिबान ने रविवार को कहा कि वह जल्द ही अफगानिस्तान में एक नई सरकार के गठन की घोषणा करेगा। तालिबान का कहना है कि वह देश अपने लोगों को सुरक्षित करने के लिए युद्धग्रस्त नागरिकों को निकालना जारी रखेगा।
यह भी पढ़ें: तालिबान से जान बचाकर दिल्ली पहुंचे अफगान सासंद, पीएम मोदी को कहा शुक्रिया, काबुल एयरपोर्ट पर 7 की मौत
न्यूज एजेंसी एएनआई ने टोलो न्यूज के हवाले से कहा कि तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद का कहना है कि अफगान राजनीतिक नेताओं के साथ एक नई सरकार के गठन पर बातचीत चल रही है और निकट भविष्य में एक नई सरकार की घोषणा की जाएगी। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने कहा, हमारे राजनीतिक अधिकारियों ने यहां काबुल में नेताओं से मुलाकात की, उनके विचार महत्वपूर्ण हैं, चर्चा चल रही है, इंशाअल्लाह, जल्द ही सरकार पर एक घोषणा की उम्मीद है।' इससे पहले अफगानिस्तान पर नियंत्रण करने वाले समूह के एक वरिष्ठ नेता ने कहा था कि तालिबान के सह-संस्थापक और उप नेता मुल्ला अब्दुल गनी बरादर शनिवार को काबुल पहुंचे हैं ताकि सरकार बनाने के लिए अफगान राजनीतिक नेताओं के साथ औपचारिक चर्चा शुरू की जा सके।












Click it and Unblock the Notifications