Pakistan Train Hijack: ट्रेन हाईजैक में अफगान कनेक्शन, पाक के इस दावे को तालिबान ने किया खारिज
Pakistan Train Hijack: बलूचिस्तान में हाईजैक हुई जाफर एक्सप्रेस ट्रेन का ठीकरा पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सर पर फोड़ दिया है। हालांकि, पाकिस्तान के उस दावे को तालिबान ने सिरे से खारिज कर दिया। साथ ही, कहा कि इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां न करें।

पाक के दावे को तालिबान ने किया खारिज
अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल कहर बल्खी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'हम पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता द्वारा बलूचिस्तान प्रांत में यात्री ट्रेन पर हुए हमले को अफगानिस्तान से जोड़ने के निराधार आरोपों को स्पष्ट रूप से खारिज करते हैं, तथा पाकिस्तानी पक्ष से आग्रह करते हैं कि वह इस तरह की गैरजिम्मेदाराना टिप्पणियों के बजाय अपनी सुरक्षा और आंतरिक समस्याओं को सुलझाने पर ध्यान केंद्रित करे।'
क्या दावा किया था पाकिस्तान ने
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी विदेश कार्यालय ने बयान जारी कर कहा है कि बलूच लिबरेशन आर्मी के विद्रोही सैटेलाइट फोन के ज़रिए अपहरण के दौरान अफगानिस्तान में बैठे अपने आकाओं के संपर्क में थे। पाक सेना ने तालिबान सरकार से आग्रह किया है कि वह अपने क्षेत्र का इस्तेमाल सीमा पार आतंकवादी गतिविधियों के लिए होने से रोके।
कैसे हाईजैक हुई जाफर एक्सप्रेस ट्रेन?
जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पाकिस्तान के क्वेटा से मंगलवार सुबह 9 बजे पेशावर के लिए रवाना हुई थी। लेकिन, बीएलए विद्रोहियों ने बोलान के माशफाक टनल में हमला किया और रेलवे ट्रैक टनल नंबर-8 को उड़ा दिया। इससे जाफर एक्सप्रेस के नौ डिब्बे और इंजन गुडलार बेपटरी हो गई, जिसके बाद ट्रेन को हाईजैक कर लिया गया था।
खिड़कियों पर चलाईं गोलियां
इसके बाद, आतंकवादियों ने ट्रेन की खिड़कियों पर गोलियां चलाईं और फिर बोगियों में घुसकर यात्रियों को मार डाला। इतना ही नहीं, अन्य यात्रियों को बंधक बना लिया। इस हाईजैक के बाद पाकिस्तानी सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और बीएलए के 33 विद्रोहियों को मार गिराया। साथ ही, उनके कब्जे से सभी बंधकों को रिहा कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications