स्वीडन में धार्मिक किताबों को जलाने के लिए आवेदनों की बाढ़, घबराए प्रधानमंत्री ने कही ये बात..
Sweden burning religious texts: इस्लामिक पवित्र ग्रंथ कुरान को जलाए जाने के बाद से स्वीडन इस्लामिक देशों के निशाने पर है और अब पता चला है, कि स्वीडन की पुलिस के पास धार्मिक किताबों को जलाने के लिए आवेदनों की बाढ़ आ गई है।
स्वीडन के प्रधान मंत्री ने गुरुवार को कहा है, कि पुलिस को अगले सप्ताह देश में धार्मिक ग्रंथों को जलाने के लिए कई परमिट आवेदन प्राप्त हुए हैं, और उन्हें डर है, कि इससे मुस्लिम दुनिया के साथ स्वीडन का तनाव और बढ़ सकता है।

कुरान जलाने के संकट की शुरुआत के बाद से अपनी पहली सार्वजनिक टिप्पणी में, जिसने स्टॉकहोम के मुस्लिम देशों के साथ संबंधों को गंभीर रूप से तनावपूर्ण बना दिया है, प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने स्वीडिश समाचार एजेंसी टीटी को बताया, कि वह अपमान की एक नई लहर के बारे में "बेहद चिंतित" हैं।
प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने टीटी को बताया, कि "आवेदनों पर फैसला लेना पुलिस का काम होता है और मैं इसमें कुछ नहीं कर सकता हूं।"
उन्होंने कहा, कि "यदि उन्हें (परमिट) प्रदान किया जाता है, तो हमें कई दिनों तक गंभीर घटनाओं के घटित होने के स्पष्ट जोखिम का सामना करना पड़ेगा।"
आपको बता दें, कि हाल ही में स्वीडन में और पिछले हफ्ते स्वीडन के पड़ोसी देश डेनमार्क में मुट्ठी भर इस्लाम विरोधी कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन कर कुरान का अपमान किया था।
कुरान के अपमान की इन घटनाओं ने मुस्लिम देशों में गुस्से को भड़का दिया है। स्वीडन में विशेष रूप से कुरान या अन्य धार्मिक ग्रंथों को जलाने या अपवित्र करने पर रोक लगाने वाला कोई कानून नहीं है। सार्वजनिक प्रदर्शन आयोजित करने का अधिकार स्वीडिश संविधान के तहत काफी कीमती और संरक्षित है।
स्वीडन की पुलिस आम तौर पर इस आधार पर अनुमति देती है, कि उनका मानना है कि सार्वजनिक सभा बिना किसी बड़े व्यवधान या सार्वजनिक सुरक्षा के जोखिम के आयोजित की जा सकती हैं।
स्वीडन में कुरान का होता रहेगा अपमान?
स्वीडिश सुरक्षा सेवा ने बुधवार को कहा है, कि हाल ही में कुरान जलाने की घटना के बाद मुस्लिम देशों के बीच स्वीडन की छवि और इसकी सुरक्षा स्थिति खराब हो गई है, और इसे "हिंसक माहौल के भीतर" खतरों का सामना करना पड़ सकता है।
वहीं, स्वीडन की विपक्षी सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी की मांग पर, कुरान जलाने के संकट पर चर्चा करने के लिए विदेश मंत्री टोबियास बिलस्ट्रॉम और सुरक्षा सेवा प्रतिनिधि गुरुवार को स्वीडिश संसद की विदेशी मामलों की समिति के सामने पेश हुए थे।
बैठक के बाद, बिलस्ट्रॉम ने टीटी को बताया, कि स्थिति गंभीर है लेकिन मुस्लिम दुनिया में स्वीडिश विरोधी मूड को शांत करने के लिए कोई "त्वरित समाधान" नहीं है।
समाचार एजेंसी टीटी ने बिलस्ट्रॉम के हवाले से कहा, कि "हमारा प्राथमिक और सबसे महत्वपूर्ण काम स्वीडिश हितों की रक्षा करना और यहां और विदेशों में स्वीडन के लोगों की सुरक्षा करना है।"
उन्होंने कहा, कि "हमें उन घटनाओं को बहुत गंभीरता से लेना चाहिए जो अभी चल रहे हैं, हमारे देश में हर किसी को इन बातों को गंभीरता से लेनी चाहिए।"
क्रिस्टर्सन ने कहा, कि उनकी सरकार ने आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद से निपटने के उपाय करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के बीच एक नई टास्क फोर्स बनाई है। वहीं, इस्लामिक सहयोग संगठन ने स्वीडन और डेनमार्क में कुरान जलाने की घटनाओं पर चर्चा के लिए 31 जुलाई को मंत्री स्तर पर एक आपातकालीन दूरस्थ बैठक बुलाई है।












Click it and Unblock the Notifications