'श्रीलंका को सहायता की जरूरत...एजेंडा चलाने से बाज आएं', चीनी राजदूत के बयान पर भारतीय दूतावास की खरी खोटी
नई दिल्ली, 28 अगस्त। श्रीलंका स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को कोलंबो में चीनी राजदूत को जमकर खरी खोटी सुनाई। जबर्दस्त आर्थिक संकट की स्थिति से जूझ रहे देश पर अनुचित तरीके से दबाव बनाने पर इंडियन एंबेसी चीन को कड़ा संदेश दिया। बता दें कि चीनी राजदूत झेनहोंग ने अपने बयान में कहा था कि चीन को इस बात से खुशी है कि श्रीलंका ने चीनी जहाज को हंबनटोटा में तैनात करने की अनुमति दे दी है।

दरअसल, चीनी राजदूत ने कहा था कि श्रीलंका ने चीनी जहाज को हंबनटोटा में तैनात करने की इजाजत दे दी है। भारत का नाम लिए बिना ये भी कहा कि तथाकथित सुरक्षा चिंताओं पर बाहरी रुकावट वास्तव में श्रीलंका की संप्रभुता और स्वतंत्रता में पूरी तरह से हस्तक्षेप है। लेकिन श्री लंका के इस निर्णय से चीनी राजदूत ने कहा था कि चीन इस बात से खुश है।
चीनी राजदूत को भारतीय दूतावास का जवाब
जिसके बाद भारतीय दूतावास ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। श्रीलंका स्थित भारतीय दूतावास की ओर जारी बयान में कहा गया, 'हमने चीनी राजदूत की टिप्पणी पर ध्यान दिया है। यह बयान बुनियादी राजनयिक शिष्टाचार का उल्लंघन है। भारत के बारे में चीनी दूत क्यूई जेनहोंग का नजरिया उनके अपने देश के व्यवहार जैसा हो सकता है। पर हम उन्हें विश्वास दिलाते हैं कि भारत बहुत अलग है। उच्चायोग ने कहा, अस्पष्टता और कर्ज से प्रेरित एजेंडा अब एक बड़ी चुनौती है। खासकर छोटे देशों के लिए, हालिया घटनाक्रम एक चेतावनी है'। भारतीय दूतावास ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में श्रीलंका को सहायता की जरूरत है, न कि अनुचित दबाव या फिर अनावश्यक विवादों।
चीनी राजदूत ने क्या कहा?
चीन के बैलिस्टिक मिसाइल और उपग्रह निगरानी पोत 'युआन वांग 5' के हंबनटोटा बंदरगाह पर डेरा जमाने पर भारतीय दूतावास ने आपत्ति की थी। जिसको लेकर चीनी राजदूत झेनहोंग के ताजा बयान में कहा कि चीन इस बात से खुश है कि बीजिंग तथा कोलंबो संयुक्त रूप से एक दूसरे की संप्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता की सुरक्षा करने के लिए तैयार हो गए हैं। इस बयान में सीधे तौर पर भारत का नाम लिए बिना ये भी कहा गया कि बिना प्रमाण तथाकथित सुरक्षा चिंताओं पर आधारित बाहरी अवरोध श्रीलंका की संप्रभुता और स्वतंत्रता में हस्तक्षेप है।












Click it and Unblock the Notifications