साउथ कोरिया में एक ही दिन में कोरोना वायरस के 114 नए मामले, स्वास्थ्य अधिकारी डरे
सियोल। कोरोना वायरस महामारी से थोड़ी राहत पिछले दिनों साउथ कोरिया को मिली थी। लेकिन पिछले एक हफ्ते से यहां पर संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा है। साउथ कोरिया में मंगलवार को 114 नए मामले सामने आए हैं। एक हफ्ते के अंदर यह पहला मौका है जब केसेज की संख्या 100 से ज्यादा है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में संख्या बढ़ सकती है।

37 सैनिक भी कोरोना की चपेट में
साउथ कोरिया के अधिकारी एक बार फिर से देश में बढ़ती कोरोना वायरस मामलों की संख्या से खासे चिंतित हैं। देश में रविवार को पांच दिनों का त्योहार चूसिओके खत्म हुआ है। यह त्योहार खेती से जुड़ा है और इस दौरान लोग बाहर घूमने के लिए गए थे। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इसकी वजह से संक्रमण में इजाफा हो सकता है। बुधवार को जो आंकड़ें जारी हुए हैं उसके बाद साउथ कोरिया में कुल संक्रमित मामलों की संख्या 24,353 पहुंच गई है और 425 लोगों की मौत हुई है। 92 केसेज ऐसे हैं जो सियोल से हैं। अगस्त के मध्य में इस इलाके में वायरल बुखार के मामलों में अचानक तेजी से इजाफा हुआ था। स्वास्थ्य अधिकारियों की मानें तो उन्हें कई जगहों पर संक्रमण को रोकने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ रहा है। अस्पताल, चर्च, रेस्टोरेंट्स और पोचियॉन में आर्मी यूनिट में संक्रमण को रोकने में खासी परेशानियां आ रही हैं। यह जगह सियोल के उत्तर में है और अब तक यहां पर 37 सैनिक कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications