चीन में 6 महीने से जहाज पर फंसा 23 भारतीयों का चालक दल लौटेगा देश
Indian Ship in China: बीजिंग। चीन के बंदरगाह पर पिछले छह महीने से 39 सदस्यीय भारतीय दल के साथ फंसे दो भारतीय मालवाहक जहाजों में से एक के वापस आने का रास्ता साफ हो गया है। मालवाहक जहाज एमवी जग आनंद पहले चीबा जाएगा फिर वहां से जापान जाएगा जहां पर इसके चालक दल के सदस्यों को बदला जाएगा। 14 जनवरी को इस जहाज पर तैनात 23 भारतीय सदस्य अपने देश भारत पहुंच जाएंगे। बंदरगाह, जहाजरानी और जल परिवहन के राज्यमंत्री मनसुख मांडविया ने ये जानकारी दी है।

एमवी जग आनंद बीते साल जून में चीन के हुबेई प्रांत के जिंगटांग बंदरगाह पर पहुंचा था लेकिन लंबे समय तक उससे माल नहीं उतारा गया था। इस दौरान चालक दल के सदस्यों को बदलने की अनुमति नहीं दी गई। इस मुद्दे पर भारतीय विदेश मंत्रालय लंबे समय से बीजिंग के सम्पर्क में था और चालक दल के सदस्यों की मानवीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मुद्दे का हल निकालने में लगा था।
भारतीय उच्चायोग कर रहा था बात
पिछले दिनों भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था कि चीन में दो जहाजों पर 39 भारतीय सदस्य फंसे हुए हैं। इस मुद्दे को हल करने के लिए भारतीय उच्चायोग बीजिंग, हुबेई और तिनजियांग प्रशासन के साथ बातचीत जारी रखे हुए है।
लंबे समय तक भारतीय जहाजों को रोके रखने को एलएसी पर तनाव के चलते चीन की खीझ कहा जा रहा है। खासतौर पर जब इस दौरान कुछ दूसरे जहाज बंदरगाह पर पहुंचे थे और माल उतारकर रवाना हो गये थे। बाद में चीनी विदेश मंत्रालय ने सफाई दी थी कि जहाजों को रोके जाने का भारत के साथ तनाव से कुछ लेना-देना नहीं है। चीन ने बतायाथा कि इन जहाजों को कोविड-19 के नियमों के तहत रोका गया है।
दूसरे जहाज पर 16 सदस्य
एमवी जग आनंद के साथ ही एक और मालवाहक पोत एमवी अनासतिया भी चीन में फंसा हुआ है। इस पोत पर 16 भारतीय नागरिक चालक दल के रूप में मौजूद हैं। यह जहाज 20 सितम्बर से चीन के काओफीदियान बंदरगार पर खड़ा है। एमवी जग आनंद के आगे बढ़ने का रास्ता साफ होने के बाद उम्मीद है कि अनासतिया के भी रवाना होने की उम्मीद बंधने लगी है।












Click it and Unblock the Notifications