San Francisco: ‘एलियन आने वाले हैं’ आसमान में UFO देख बोले लोग, थोड़ी देर में खुल गई पोल
San Francisco: ओकलैंड में एक विशाल सफेद एयरशिप ने लोगों का ध्यान खींच लिया। इस बड़े आकार के एयरशिप को शहर के ऊपर उड़ते हुए देखा गया, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। कई लोगों ने आसमान में इसे देखकर हैरानी जताई और सोशल मीडिया पर इसके वीडियो शेयर करने लगे।
'पाथफाइंडर 1' नाम से जाना जाता है यह एयरशिप
इस अनोखे एयरशिप का नाम 'पाथफाइंडर 1' है। इसे ओकलैंड के बे एरिया और अल्मेडा के पश्चिमी छोर से भी देखा गया। कंटेंट क्रिएटर सीज़र कॉन्सेपसियन सल्ज़ा ने इंस्टाग्राम पर इसका वीडियो साझा किया और लिखा, "आज सैन फ्रांसिस्को के आसमान में यह क्या है?" उनके वीडियो में एयरशिप को एक ऊंची इमारत के पीछे से धीरे-धीरे निकलते और तैरते हुए देखा जा सकता है। इसे देखकर कुछ लोगों ने एलियन के धरती पर आने का दावा किया, लेकिन थोड़ी देर में ही बात साफ हो गई।

गूगल के को-फाउंडर से है कनेक्शन
अमेरिकी चैनल एनबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, 'पाथफाइंडर 1' का संचालन 'लाइटर दैन एयर (LTA) रिसर्च' नामक कंपनी कर रही है। यह कंपनी गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन द्वारा वित्तपोषित है। कंपनी का मकसद "अगली पीढ़ी के शून्य-उत्सर्जन (Zero-Emission) एयरशिप" विकसित करना है, जो भविष्य में पर्यावरण के अनुकूल हवाई यात्रा का एक नया विकल्प बन सकते हैं।
कार्गो और परिवहन के लिए परीक्षण उड़ान
बताया गया है कि इस एयरशिप को कार्गो और परिवहन के संभावित उपयोग के अध्ययन के दौरान उड़ते हुए देखा गया। कंपनी एलटीए रिसर्च अपनी तकनीक का परीक्षण कर रही है ताकि यह समझा जा सके कि भारी माल ढुलाई और आपदा राहत कार्यों में ऐसे एयरशिप कैसे कारगर हो सकते हैं।
मई में हुई थी पहली उड़ान
एलटीए रिसर्च की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, 'पाथफाइंडर 1' ने अपनी पहली उड़ान मई 2025 में भरी थी। यह उड़ान मॉफेट फेडरल एयरफील्ड के बाहर हुई थी, जहां यह एयरशिप फिलहाल रखा जाता है। कंपनी का मानना है कि यह नई तकनीक कम ईंधन खपत, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और लंबी दूरी की उड़ानों के लिए एक टिकाऊ समाधान साबित हो सकती है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications