SAARC: विदेश मंत्रियों की बैठक रद्द, तालिबान को भी शामिल करना चाहता था पाकिस्तान
नई दिल्ली, 21 सितंबर: दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) की अहम बैठक 25 सितंबर को होने वाली थी, लेकिन इसे मंगलवार को निरस्त कर दिया गया। इस बैठक में सार्क देशों के विदेश मंत्री शामिल होने वाले थे, लेकिन पाकिस्तान ने इसमें नया मुद्दा उठा दिया। साथ ही तालिबान के प्रतिनिधि को भी शामिल करने की मांग की। बाद में जब सहमति नहीं बनी, तो बैठक को रद्द करने का फैसला लिया गया। इस फैसले को पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

न्यूज एजेंसी ANI ने सार्क सूत्रों के हवाले से बताया कि संयुक्त राष्ट्र्र महासभा के न्यूयॉर्क में जारी सत्र के दौरान इसी हफ्ते बैठक होने वाली थी, लेकिन शुरू से ही इसको लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। आज की स्थिति में सभी सदस्य देशों की सहमति की कमी के कारण इसे रद्द कर दिया गया। वैसे तालिबान ने अफगानिस्तान में सरकार का ऐलान तो कर दिया है, लेकिन अभी तक उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता नहीं मिली है। बस पाकिस्तान और चीन जैसे कुछ देश ही उसकी पैरोकरी कर रहे हैं।
ब्लैक लिस्ट में विदेश मंत्री
सार्क की बैठक में सभी सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों को शामिल होना था। अभी तालिबान ने आमिर खान मुत्ताकी को कार्यवाहक विदेश मंत्री बनाया है, जिसे संयुक्त राष्ट्र ने ब्लैक लिस्ट में डाल रखा है। ऐसे में शुरुआत में ही ये तय हो गया था कि तालिबान सरकार का कोई प्रतिनिधि बैठक में नहीं जाएगा।
पाकिस्तान ने रखी दूसरी मांग
शुरू में पाकिस्तान इस बात पर अड़ा रहा कि तालिबानी सरकार के विदेश मंत्री को बैठक में शामिल किया जाए। जिस पर ज्यादातर देशों ने असहमति जताई। इसके बाद पाकिस्तान ने नई मांग उठा दी। जिसमें उसने कहा कि किसी भी कीमत पर अशरफ गनी सरकार के विदेश मंत्री को बैठक में ना बुलाया जाए। इस पर भी कई देशों ने आपत्ति जताई। अंत में अफगान संकट को देखते हुए बैठक रद्द करने का फैसला लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications