यूक्रेन को हथियार देने पर रूस ने अमेरिका को चेताया, अप्रत्याशित परिणामों की दी चेतावनी
वॉशिंगटन। यूक्रेन और रूस के बीच चल रही लड़ाई को अब 51 दिन हो गए हैं। दोनों तरफ से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। वहीं अमेरिका खुलकर यूक्रेन का समर्थन कर रहा है और रूस की कार्रवाई का विरोध कर रहा है। इसी कड़ी में अमेरिकी अखबार वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने शुक्रवार को संयुक्त राज्य अमेरिका को यूक्रेन को हथियार देने के खिलाफ अप्रत्याशित परिणामों की चेतावनी दी। वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने संयुक्त राज्य अमेरिका को चेतावनी दी है कि यदि वाशिंगटन यूक्रेन को हथियार देना जारी रखता है तो "अप्रत्याशित परिणाम" होंगे।

अखबार ने संयुक्त राज्य अमेरिका को एक राजनयिक नोट में रूस के हवाले से कहा, "हम संयुक्त राज्य अमेरिका और उसके सहयोगियों से यूक्रेन के गैर-जिम्मेदार सैन्यीकरण को रोकने का आह्वान करते हैं, जिसका क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अप्रत्याशित परिणाम है।"
समाचार रिपोर्ट के अनुसार, रूसी में लिखे गए दस्तावेज़ को 'कीव शासन को हथियारों और सैन्य उपकरणों की भारी आपूर्ति के संदर्भ में रूस की चिंताओं पर' शीर्षक से वाशिंगटन में रूसी दूतावास के जरिये अमेरिकी विदेश विभाग को भेजा गया था।
बता दें कि यूक्रेन के खिलाफ युद्ध को 50 दिन से अधिक का समय हो गया है, लेकिन अभी तक इस युद्ध में रूस को निर्णायक रूप से कुछ सफलता नहीं मिल सकती है, जिसके बाद अमेरिका की सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी ने आगाह किया है कि व्लादिमीर पुतिन बेचैन हैं और वह परमाणु हमला कर सकते हैं। सीआईए के डायरेक्टर विलियम बर्न्स ने गुरुवार को कहा कि पुतिन सामरिक या कम तीव्रता वाले परमाणु हथियार का इस्तेमाल कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications