किसने कराया क्रेमलिन अटैक? रूस ने अमेरिका को बताया दोषी, US ने कहा- झूठ बोल रहे वे लोग
क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेसकोव ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ड्रोन हमले को लेकर बातचीत की। उन्होंने इशारों ही इशारों में अमेरिका पर इस ड्रोन हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया।

रूस ने क्रेमलिन में राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के आवास पर बुधवार को हुए हमले का जिम्मेदार अमेरिका को ठहराया था। जिसके बाद अमेरिका ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। अमेरिका ने कहा कि उसका इस हमले से कोई लेना-देना नहीं है।
व्हाइट हाउस राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने क्रेमलिन हमले में अमेरिका की संलिप्तता से इनकार करते हुए कहा कि उनके देश का इससे कोई लेना-देना नहीं है। किर्बी ने कहा कि पेस्कोव ने बिल्कुल झूठ कहा है।
दरअसल पुतिन के प्रवक्ता डिमिट्री पेस्कोव ने इससे पहले गुरुवार को कहा कि हमें पता है कि इस तरह के आतंकी हमलों के फैसले अमेरिका लेता है। यूक्रेन इन फैसलों को सिर्फ लागू करता है। उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिका ऐसा पहले भी कई बार कर चुका है।
आपको बता दें कि यूक्रेन ने बुधवार को हमले की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया था। इस पर पेस्कोव ने कहा कि हमला कर उसकी जिम्मेदारी से पीछे हटना बेहूदा है।
इससे पहले बुधवार को क्रेमलिन पर ड्रोन अटैक हुआ था। इसके कुछ घंटे के बाद यूक्रेन ने बयान जारी कर रहा कि इस हमले के पीछे यूक्रेन का हाथ नहीं है। वहीं, अमेरिका ने बयान जारी करते हुए कहा था कि वह रूस के आरोपों की जांच कर रहा है।
क्रेमलिन पर हमले के बाद रूस की संसद में जेलेंस्की पैलेस पर हमले की मांग उठने लगी है। रूस के पूर्व राष्ट्रपति और पुतिन के करीबी दिमित्री मेदवेदेव ने कहा कि अब हमारे पास जेलेंस्की को मारने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।
टेलीग्राम चैनल पर मेदवेदेव ने लिखा कि जेलेंस्की को बिना शर्त आत्मसमर्पण करने की भी जरूरत नहीं है। हिटलर ने भी ऐसा नहीं किया था। जेलेंस्की उनके ही सब्स्टिट्यूट हैं।
इस बीच हमले के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए पुतिन को उनके घर नोवो- ओगारेवो के बंकर में शिफ्ट कर दिया गया है। राष्ट्रपति पुतिन वहीं से अपना सारा काम निपटाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications