NEET: जंतर-मंतर पर CJP का हंगामा, उधर एयरपोर्ट पर 45 मिनट रुके PM मोदी! क्या है नीट कनेक्शन?
PM Modi NEET Exam 2026: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर देशभर में चर्चा का माहौल बना हुआ है। एक तरफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित नीट पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक ऐसा कदम उठाया है जिसकी चर्चा हो रही है।
ANI के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार, 21 जून को दोपहर करीब 1:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। हालांकि, एयरपोर्ट से सीधे अपने आवास के लिए रवाना होने के बजाय उन्होंने कुछ समय तक वहीं रुकने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि NEET परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होनी थी, ऐसे में प्रधानमंत्री के काफिले की आवाजाही के कारण राजधानी की सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता था।

प्रधानमंत्री ने यह सुनिश्चित करने के लिए एयरपोर्ट पर ही इंतजार किया कि परीक्षा देने जा रहे छात्रों को अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और शहर में ट्रैफिक का प्रवाह सामान्य बना रहे। परीक्षा शुरू होने के बाद ही उनका काफिला आगे बढ़ा।
जंतर-मंतर पर जारी है विरोध प्रदर्शन
इधर, दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके समेत कई छात्र और उनके समर्थक 20 जून से धरने पर बैठे हुए हैं। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। इसी मांग को लेकर जंतर-मंतर पर लगातार नारेबाजी और धरना प्रदर्शन हो रहा है।
रात तक जारी रहा धरना
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के लिए प्रशासन की ओर से एक निश्चित समय तक की अनुमति दी गई थी, लेकिन प्रदर्शनकारी देर रात तक जंतर-मंतर पर डटे रहे। अभिजीत दीपके ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता और जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परीक्षा का मुद्दा नहीं है, बल्कि लाखों छात्रों के भविष्य और देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा सवाल है। इसी कारण छात्र और उनके समर्थक लगातार आंदोलन कर रहे हैं।
छात्रों की सुविधा को लेकर चर्चा में PM का फैसला
इस बीच प्रधानमंत्री मोदी का एयरपोर्ट पर रुकने का निर्णय भी चर्चा का विषय बन गया है। सूत्रों के मुताबिक, उनका उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना था कि परीक्षा के दिन छात्रों को किसी भी तरह की यातायात संबंधी दिक्कत का सामना न करना पड़े। दिल्ली जैसे बड़े महानगर में VVIP मूवमेंट के दौरान कई मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना रहती है। ऐसे में परीक्षा के समय को देखते हुए प्रधानमंत्री द्वारा अपने कार्यक्रम में बदलाव किए जाने को छात्रों की सुविधा से जोड़कर देखा जा रहा है।
NEET को लेकर देशभर में नजरें
NEET देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, जिसके माध्यम से मेडिकल और डेंटल पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है। हर वर्ष लाखों छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं। ऐसे में परीक्षा से जुड़ी किसी भी घटना या फैसले पर देशभर के छात्रों, अभिभावकों और शिक्षा जगत की नजर रहती है।
फिलहाल, एक ओर जंतर-मंतर पर छात्रों और संगठनों का विरोध प्रदर्शन जारी है, तो दूसरी ओर परीक्षा के दिन छात्रों की सुविधा को लेकर प्रधानमंत्री के कदम की भी चर्चा हो रही है। दोनों घटनाओं ने NEET को एक बार फिर राष्ट्रीय बहस के केंद्र में ला दिया है।














Click it and Unblock the Notifications