नागरिकों को कॉरिडोर देने के लिए रूस का यूक्रेन में आंशिक युद्धविराम का ऐलान
मॉस्को, 5 मार्च: यूक्रेन से चल रही जंग के बीच रूस ने बड़ा ऐलान किया है। रूस सरकार ने मानवीय आधार पर नागरिकों को कॉरिडोर (गलियारा) मुहैया कराने के लिए आंशिक युद्धविराम (सीजफायर) की घोषणा की है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस ने यूक्रेनी शहरों मारियुपोल और वोल्नोवाखा में मानवीय गलियारों को इजाजात देते हुए शनिवार को आंशिक संघर्ष विराम की घोषणा की है।

रूसी रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, युद्ध में फंसे नागरिक सुरक्षित निकल सकें, इसके लिए ये युद्धविराम किया गया है। 5 मार्च को रूस के समयानुसार सुबह 10 बजे से हमारी ओर से मारियुपोल और वोल्नोवाखा में संघर्षविराम का पालन होगा। यहां के नागरिक सुरक्षित ठिकानों पर जा सकते हैं।
शुक्रवार को बनी थी सहमति
शुक्रवार को रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक हुई थी। जिसमें दोनों पक्ष नागरिकों को निकालने और मानवीय मदद देने के लिए सुरक्षित गलियारे बनाने पर सहमत हुए। बेलारूस में हुई इस बैठक में दोनों पक्षों ने उन इलाकों में संघर्ष विराम लागू करने की बात मानी जाएगा, जहां सुरक्षित गलियारे बनाए जाएंगे। इसके बाद आज रूस की ओर से दो शहरों में सीजफायर की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है।
यूक्रेन बीते दस दिन से युद्ध का सामना कर रहा है। 24 फरवरी को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी फौजों को यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई की इजाजत दी थी। इसके बाद लगातार रूस की सेनाएं यूक्रेन के शहरों में दाखिल हो रही हैं। यूक्रेन की राजधानी कीव को भी रूसी सेनाएं घेर चुकी हैं। इसके चलते लगातार आम नागरिकों की मौत हो रही है और विदेशों के भी काफी लोग यूक्रेन में फंस कर रह गए हैं।
बता दें कि रूस लंबे समय से यूरोपीय संगठनों खासकर नाटो के साथ यूक्रेन के जुड़ाव का विरोध करता रहा है। इसके अलावा भी उसकी कुछ मांगे हैं, जिनपर वो यूक्रेन की सहमति चाहता है। कभी सोवियत संघ का हिस्सा रहे यूक्रेन को लेकर पुतिन का कहना है कि यूक्रेन पश्चिमी देशों के हाथों की कठपुतली बना हुआ है। जिससे रूस की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
पुतिन की फिल्मी अंदाज में यूक्रेन को धमकी- जिनती देर होगी, उतनी हमारी मांगे बढ़ती जाएंगी












Click it and Unblock the Notifications