इजराइल पहुंचकर सुनक ने दिया नेतन्याहू को खुला समर्थन, कहा- यहूदी देश को अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार
इजराइल-हमास संघर्ष के बीच ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक गुरुवार को इजराइल पहुंचे हैं। उन्होंने अपने इजरायली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू से येरुशलम में पीएम ऑफिस में एक निजी बैठक की।
ऋषि सुनक ने इजराइल पहुंचने पर कहा कि ब्रिटेन, इजराइल के साथ खड़ा है। मैं जानता हूं कि आप नागरिकों की क्षति से बचने के लिए हर सावधानी बरत रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम भी मानते हैं कि फिलिस्तीनी लोग भी हमास के शिकार हैं। हम इस संकट की घड़ी में इजराइल के साथ खड़े हैं।

ऋषि सुनक ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि वे ऐसी भयानक परिस्थितियों में यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से यह देश कुछ ऐसे दौर से गुजरा है, जिसकी पीड़ा कोई भी देश या व्यक्ति सहना नहीं चाहेगा।
सुनक ने कहा कि मैं इस बात पर जोर देना चाहता हूं कि हम अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप खुद की रक्षा करने और इजराइल के अधिकार का पूरी तरह से समर्थन करते हैं। ऋषि सुनक ने कहा कि हम यह भी मानते हैं कि फिलिस्तीनी लोग भी हमास से पीड़ित हैं।
सुनक ने पीएम नेतन्याहू से कहा कि वह उनके उस निर्णय का स्वागत करते हैं जो उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए लिया था कि गाजा में मानवीय सहायता के लिए रास्ते खोले जाएंगे। सुनक ने कहा कि हम यह भी चाहते हैं कि इजराइल जीतें।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने उन परिवारों से मुलाकात की जिनके प्रियजनों को युद्ध के कारण उनसे छीन लिया गया था। उन्होंने एक्स पर लिखा कि अपने बच्चे को अपने से छीन लेना किसी माता-पिता के लिए सबसे बुरा सपना होता है।
इस दौरान नेतन्याहू ने कहा कि यह केवल हमारी लड़ाई नहीं है, बल्कि यह पूरी सभ्य दुनिया की लड़ाई है। यह हमारे लिए सबसे बुरा समय है। यह दुनिया के लिए सबसे बुरा समय है। हमें एक साथ खड़े होने और जीतने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि मैं इस बात की सराहना करता हूं कि आपने क्षेत्र में कुछ सैन्य सहायता भेजी है। यह एक लंबा युद्ध है, हमें आपके समर्थन की जरूरत है। यह आजाद देशों की लड़ाई है, भविष्य की लड़ाई है।
नेतन्याहू ने कहा कि आपने 80 साल पहले नाजियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी, हमास नए नाजी हैं। वे नए ISIS हैं और हमें उनसे उसी तरह लड़ना होगा, जैसे दुनिया नाजियों से लड़ी।
सुनक ने गुरुवार को इजरायली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से भी मुलाकात की। हर्जोग ने कहा कि ऐसे कठिन दिनों में हम स्पष्ट रूप से देख पाते हैं कि इजराइल के सच्चे दोस्त कौन हैं। उन्होंने इजराइल आने के लिए प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को धन्यवाद दिया।
राष्ट्रपति हर्जोग ने कहा कि यह साफ-साफ कहने का और आतंकियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का वक्त है। यह सभी मानवता के मूल्यों के लिए एक लड़ाई है।












Click it and Unblock the Notifications