अब होगी असली जंग: बागी वैगनर ग्रुप से लड़ेंगे चेचन्या सैनिक, बोले कादिरोव - रूस के दुश्मनों को कुचल देंगे
चेचन्या नेता रमजान कादिरोव ने वैगनर ग्रुप के हरकतों की निंदा की है और रूसी राष्ट्रपति को अपना समर्थन दिया है। चेचन्या नेता रमजान कादिरोव ने बयान जारी कर कहा है कि येवेगनी प्रिगोजिन का बर्ताव पीठ में छुरा घोंपने जैसा है।
कादिरोव ने रूसी सेना से किसी भी उकसावे के आगे न झुकने का आह्वान किया। रमजान कादिरोव ने कहा कि उनकी सेनाएं रूस की मदद के लिए तैयार हैं। कादिरोव ने कहा है कि उनकी चेचन्या आर्मी भी रोस्टोव पहुंच रही है।

चेचन्या प्रमुख ने कहा कि वे कमांडर इन चीफ यानी पुतिन के एक-एक शब्द से सहमत हैं। रमजान कादिरोव ने कहा कि उनकी अखमत सेना वैगनर चीफ के विद्रोह को दबाने में मदद करेगी और यदि आवश्यक हुआ तो वह कठोर तरीका भी अपनाएगी।
कादिरोव ने कहा कि हम देश की रक्षा के लिए सब कुछ करने को तैयार हैं। विद्रोहियों को कड़ी सजा दी जाएगी और उन्हें कुचल दिया जाएगा।

आपको बता दें कि रूस-यूक्रेन युद्ध में पुतिन का साथ देने वाले वैगनर चीफ बागी बन चुके हैं। उनकी प्राइवेट आर्मी ने विद्रोह कर दिया है। तख्तापलट की कोशिश करने वाला वैगनर ग्रुप लगातार राजधानी मॉस्को की तरफ बढ़ता जा रहा है। इस बीच पुतिन ने देश के नाम संबोधन में कहा है, कि गद्दारों को कुचल दिया जाएगा।
वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोजिन ने पुतिन की धमकी के बाद पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने अपने भाषण के दौरान गलत विकल्प चुना है। प्रिगोजिन ने दावा किया है कि जल्द ही अब रूस में नया राष्ट्रपति होगा।
वैगनर चीफ ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने भारी गलती की है। येवगेनी प्रिगोजिन ने कहा कि पुतिन के द्वारा किए गए काम से उनका यकीन उठ गया है, वे विश्वासघाती हैं।
वैगनर प्रमुख ने कहा कि वह अपनी मातृभूमि के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनमें से कोई भी राष्ट्रपति, एफएसबी या किसी अन्य के अनुरोध पर आत्मसमपर्ण नहीं करेगा।












Click it and Unblock the Notifications