नेपाल के नए राष्ट्रपति बने राम चंद्र पौडेल, वामपंथी पार्टियों की लड़ाई का कांग्रेस ने उठाया फायदा
Nepal New President: राष्ट्रपति पद के लिए मतदान संसद के ल्होत्से हॉल में हुआ। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, मतदान यहां संसद भवन में गुरुवार सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला। इसके बाद परिणाम की घोषणा हुई।

Image: File
राम चंद्र पौडेल नेपाल के नए राष्ट्रपति चुने गए हैं। नेपाली कांग्रेस पत्याशी राम चंद्र पौडेल ने सुभाष चंद्र नेमबांग को हराया है। नेपाल चुनाव आयुक्त ने जानकारी देते हुए कहा कि पौडेल ने 33,802 चुनावी वोट हासिल किए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सुभाष चंद्र नेमबांग ने 15,518 चुनावी वोट हासिल किए। सुभाष चंद्र नेमबांग ने केपी शर्मा ओली की पार्टी यूनिफाइड मार्क्सिस्ट लेनिनिस्ट (सीपीएन-यूएमएल)के उम्मीदवार थे। मौजूदा राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी का कार्यकाल 12 मार्च को समाप्त हो रहा है।
केपी शर्मा ने समर्थन लिया वापस
राम चंद्र पौडेल को राष्ट्रपति पद के चुनाव में समर्थन देने को लेकर उत्पन्न राजनीतिक विवाद के बाद पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा के नेतृत्व वाली सीपीएन-यूएमएल ने मौजूदा सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था। केपी शर्मा ओली की सीपीएन-यूएमएल नेपाल की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है। नेपाली कांग्रेस के उम्मीदवार और पार्टी के वरिष्ठ नेता राम चंद्र पौडेल को आठ पार्टियों का समर्थन प्राप्त था। जिनमें प्रधानमंत्री प्रचंड की पार्टी भी शामिल थी। वहीं, सीपीएन-यूएमएल के उम्मीदवार सुभाष चंद्र नेमबांग को अपनी पार्टी के अलावा सिर्फ निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थन की ही उम्मीद थी।
अपने वायदे से पलटे प्रचंड
आपको बता दें कि नेपाल में नई सरकार बनने के बाद से ही राष्ट्रपति के नाम पर प्रधानमंत्री दहल की कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (माओइस्ट सेंटर) और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूएमएल) के बीच मतभेद लगातार बने हुए थे। दहल अगले राष्ट्रपति को लेकर नए सिरे से आम सहमति तैयार करने पर जोर दे रहे थे, जबकि यूएमएल उनसे पिछले 25 दिसंबर को बनी सहमति पर कायम रहने को कह रही थी। 25 दिसंबर को नया सत्ताधारी गठबंधन बना था। तब तय हुआ था कि राष्ट्रपति का पद यूएमएल को मिलेगा। हालांकि प्रधानमंत्री दहल अपना हित साधने के बाद इस करार से मुकर गए। इसका फायदा विपक्षी पार्टी नेपाली कांग्रेस ने उठाया और अब वह अपने उम्मीदवार को नेपाल का राष्ट्रपति बनाने में सफल हो गई।












Click it and Unblock the Notifications