बकिघंम पैलेस में क्या पीएम मोदी के लंच में शामिल होंगे प्रिंस विलियम और केट?
लंदन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंदन दौरे को आज दूसरा दिन है। इस दूसरे दिन पर कई अहम कार्यक्रम होने वाले हैं जिसमें सबसे अहम है बकिंघम पैलेस में क्वीन एलिजाबेथ के साथ पीएम मोदी का प्राइवेट लंच।

क्वीन ने पिछले दिनों चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के लिए ऐसा ही एक लंच होस्ट किया था। अब वह पीएम मोदी का स्वागत भी उसी तरह से महल में करने को तैयार हैं।
यहां पर यह बात भी देखने वाली होगी कि क्या प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन भी इस लंच का हिस्सा बनेंगे या नहीं? दोनों पिछले दिनों शी जिनपिंग के सम्मान में दिए गए डिनर में शामिल थे।
प्रिंस विलियम की मां लेडी डायना का भारत के साथ काफी लगाव रहा था। वह फरवरी 1992 में भारत की यात्रा पर आई थीं।
पीएम मोदी गुरुवार को जब लंदन पहुंचे तो ब्रिटिश पीएम डेविड कैमरुन ने उनका स्वागत किया। 10 डाउनिंग स्ट्रीट पर पीएम मोदी और पीएम कैमरुन के बीच द्विपक्षीय वार्ता में करीब 9 बिलियन पौंड की डील साइन हुई। अब शुक्रवार को महारानी के साथ होने वाला लंच भी काफी अहम हो सकता है।
वर्ष 1952 से ब्रिटेन की राजशाही संभाल रही महारानी एलिजाबेथ ने भारत के हर बदलाव को देखा है। इसके अलावा पीएम मोदी ने भी गुरुवार को अपने भाषण में कहा है कि यूरोपियन यूनियन में भारत का रास्ता ब्रिटेन से ही होकर गुजरता है। महारानी के साथ लंच भारत और ब्रिटेन के संबंधों के लिए भी एक नया मुकाम हो सकता है।
पिछले 10 वर्षों में पीएम मोदी भारत के पहले ऐसे पीएम हैं जो यूके गए हैं। पीएम मोदी लंच के बाद शाम को लंदन के वेम्बले एरिना में 60,000 भारतीयों को संबोधित करेंगे।
अमेरिका के मैडिसन स्क्वायर और सैप सेंटर के बाद वेम्बले में सबसे ज्यादा भारतीय, पीएम मोदी को सुनने पहुंचेंगे।












Click it and Unblock the Notifications