पाकिस्तानी को लगी PUBG की ऐसी लत, असल जिंदगी में बना प्लेयर, घरवालों पर ही बरसा दीं गोलियां, जानें पूरा मामला
लाहैर। आंतरिक सुरक्षा का हवाला देते हुए भारत सरकार ने महीनों पहले लोकप्रिय मोबाइल गेम पबजी को बैन कर दिया था। भारत में इस गेम को खेलने वालों की संख्या करोड़ों में थी जिससे कई लोगों का दिल टूट गया, लेकिन कुछ ऐसे भी थे जो सरकार के इस फैसले से खुश भी हुए। ऐसा इसलिए क्योंकि पबजी गेम की लत के चलते कईयों की जिंदगियां बर्बाद हो चुकी थीं। हालांकि अब भारत में तो इस गेम की वापसी की उम्मीद नहीं है लेकिन पाकिस्तान से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है।

पबजी गेम की बुरी लत
पबजी गेम की बुरी लत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में इसकी वजह से दो लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लाहौर के नवा कोट के पास पबजी के शौकीन एक शख्स ने अपनी असल जिंदगी में गेम के सीन को 'रिक्रिएट' किया। इतना ही नहीं गेम के कैरेक्टर की तरह उसने कपड़े और टोपी पहनी फिर असली बंदूक से गोलीबारी शुरू कर दी।

गेम के सीन को किया रिक्रिएट
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें शख्स को अपने ही परिवार पर गोलियां बरसाते देखा जा सकता है। शख्स सिर पर पबजी वाला हेलमेट और जैकेट पहने हुए फायरिंग करते हुए नजर आ रहा है। इस मामले पर पुलिस की तरफ से बयान आया है कि आरोपी शख्स की घरेलू मामलों को लेकर परिवार वालों से झगड़ा हो गया था। इसके बाद उनसे घर के सदस्यों पर गोलियां बरसा दीं।

पड़ोसियों ने पकड़ा
लोगों को इस घटना का पता तब चला जब पड़ोसियों ने गोली की आवाज सुनी। इस दौरान कुछ लोगों ने गोली बरसा रहे शख्स को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक गोलीबारी में उसके घर के 2 सदस्यों की जान चली गई है, तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज यूट्यूब पर शेयर किया, जिसमें आप शख्स को गोलियां चलाते देख सकते हैं। मृतकों में शख्स की भाभी और दोस्त शामिल है। वहीं मां, बहन और भाई घायल हैं।

पबजी गेम की लत ने ली जान
इस मामले में और अधिक जानकारी देते हुए पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) उमर बलूच ने बताया कि गोली चलाने वाले शख्स को पबजी गेम की लत थी। उसका दिनभर फोन पर गेम खेलते रहना परिवार को पसंद नहीं था इसलिए वह उसे टोका करते थे। रोज-रोज के टोकन से तंग आकर खुन्नस में शख्स ने पबजी का एक सीन रीक्रिएट किया। इस बीच घरवालों से उसकी बहस हुई जिसके अगले दिन उसने कहीं से पिस्तौल का इंतजाम कर गोलियां बरसा दीं।
यह भी पढ़ें: क्या भारत में आज होगी PUBG Mobile India की लॉन्चिंग? जानिए इससे जुड़ी सारी जानकारियां












Click it and Unblock the Notifications