अमेरिका में इस्लाम पर बहस के बीच ओबामा करेंगे मस्जिद का दौरा
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा अपने कार्यकाल में पहली बार अमेरिका में बनी किसी मस्जिद का दौरा करने वाले हैं। अमेरिका में इस्लाम पर जारी बहस के बीच उनका यह दौरा काफी अहम साबित हो सकता है।

धार्मिक स्वतंत्रता और सहिष्णुता की अहमियत को रेखांकित करने के लिए राष्ट्रपति ओबामा बुधवार को अमेरिका की एक मस्जिद का दौरा करेंगे और मुसलमान समुदाय के नेताओं से बातचीत करेंगे।
वाशिंगटन के पास स्थित मस्जिद में उनका यह दौरा एक ऐसे समय पर हो रहा है जबअमेरिका में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के रिपब्लिकन दावेदारों की ओर से खासतौर पर इस्लाम विरोधी बयान दिए जा रहे हैं।
यह पहला मौका है जब ओबामा देश के भीतर किसी मस्जिद का दौरा करेंगे। विदेशों में वह मस्जिदों का दौरा कर चुके हैं।
व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जोश अर्नेस्ट ने मीडिया को बताया, 'राष्ट्रपति के लिए यह मुस्लिम-अमेरिकियों द्वारा हमारे देश के लिए दिए गए योगदान का जश्न मनाने का मौका होगा।'
इसके साथ ही ओबामा यह मानते हैं कि यह हमारे जीवन जीने के तरीके में धार्मिक स्वतंत्रता के महत्व को दोहराने का भी मौका होगा। देश की राजनीतिक बहस में इस बारे में हमेशा से कुछ चर्चा रही है। ओबामा का दौरा इन दोनों चीजों को रेखांकित करने वाला एक अहम क्षण है।












Click it and Unblock the Notifications