'चांद पर तिरंगा फहराकर हमने दुनिया को भारत की क्षमता से अवगत कराया', ग्रीस में बोले PM मोदी
ग्रीस के एथेंस में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे। यहां पीएम ने भारतीय प्रवासी सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि आप दुनिया में कहीं भी हों, आपके दिल में भारत धड़कता है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को ग्रीस के एथेंस में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय प्रवासी सदस्यों को संबोधित करने पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि चांद पर तिरंगा फहराकर हमने दुनिया को भारत की क्षमताओं से अवगत कराया है।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि दुनिया भर से बधाई संदेश आ रहे हैं। सोशल मीडिया बधाई संदेशों से भरा पड़ा है। जब उपलब्धि इतनी बड़ी है तो इसका जश्न भी जारी है। आपके चेहरे कहते हैं कि आप दुनिया में कहीं भी हों, आपके दिल में भारत धड़कता है। चंद्रयान-3 की शानदार सफलता पर मैं आपको एक बार फिर बधाई देता हूं।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि आपने देखा कि कैसे कोरोना के दौरान भारतीय दवाइयों ने सप्लाई चेन जारी रखी, रुकने नहीं दी। मेड इन इंडिया कोरोना वैक्सीन ने दुनिया भर में करोड़ों लोगों की जान बचाई। कोरोना काल में गुरुद्वारों में लंगर चले और मंदिरों में भंडारे हुए। सिख युवाओं ने मानवता की मिसाल कायम की। एक राष्ट्र के रूप में, एक समाज के रूप में भारत द्वारा किया गया कार्य ही हमारी संस्कृति है। आज भारत इतने बड़े पैमाने पर काम कर रहा है जो 10 साल पहले अकल्पनीय लगता था।
'आज भारत 5वीं सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति'
पीएम नरेंद्र मोदी कहते हैं कि आज चाहे IMF हो या वर्ल्ड बैंक दोनों ही भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था की सराहना करते नहीं थकते। दुनिया भर की बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत में निवेश करने की होड़ में हैं। आज भारत 5वीं सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति है। हर बड़े विशेषज्ञ का कहना है कि अगले कुछ सालों में यह शीर्ष तीन में शामिल होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया एक नई विश्व व्यवस्था की ओर बढ़ रही है। अपनी बढ़ती क्षमता के साथ दुनिया के सामने भारत की भूमिका भी तेजी से बदल रही है। अब से कुछ दिन बाद भारत में जी 20 शिखर सम्मेलन होने जा रहा है। जी 20 अध्यक्ष के रूप में, भारत द्वारा तय की गई थीम वैश्विक सद्भाव को दर्शाती है। थीम 'वसुधैव कुटुंबकम' है - एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य।
'ग्रीस-भारत के रिश्ते सदियों पुराने'
पीएम मोदी ने कहा कि ग्रीस-भारत के रिश्ते सदियों पुराने हैं। ये सभ्यता के रिश्ते हैं, संस्कृति के रिश्ते हैं... हम दोनों ने एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखा है, हमने एक-दूसरे को बहुत कुछ सिखाया भी है। आपने देखा कि ग्रीस सरकार ने मुझे ग्रीस के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया। आप सभी इस सम्मान के पात्र हैं, 140 करोड़ भारतीय इस सम्मान के पात्र हैं। मैं इस सम्मान को मां भारती की संतानों को समर्पित करता हूं।
उन्होंने आगे कहा कि मैं आज ग्रीस के लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। जब यहां जंगलों में आग लगी तो यह एक बड़ा संकट बन गया। ग्रीस में कई लोगों की मौत हो गई। संकट की इस घड़ी में भारत ग्रीस के लोगों के साथ खड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications