PM Modi In Egypt: काहिरा के अल-हकीम मस्जिद पहुंचे पीएम मोदी, भारतीयों ने फिर से इस मस्जिद को क्यों बनवाया?
पीएम मोदी अपने मिस्र दौरे के दूसरे दिन रविवार को ओल्ड काहिरा में ऐतिहासिक अल-हकीम मस्जिद पहुंचे। यहां दाऊदी बोहरा समुदाय ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।
इस दौरान पीएम मोदी ने यहां मौजूद लोगों से बातचीत की और उनके फोटो भी खिंचवाई। पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा है कि काहिरा में ऐतिहासिक अल-हकीम मस्जिद का दौरा करके सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह मिस्र की समृद्ध विरासत और संस्कृति का गहरा प्रमाण है।

अल-हकीम मस्जिद मिस्र के मुसलमानों के लिए सबसे पवित्र स्थलों में से एक है। यह मिस्र की चौथी सबसे पुरानी मस्जिद और काहिरा में दूसरी सबसे बड़ी मस्जिद है। इस मस्जिद को प्राचीन काहिरा के हिस्से के रूप में 1979 में यूनेस्को ने विश्व धरोहर स्थल के रूप में शामिल किया था।
अल-हकीम मस्जिद का निर्माण 990 ईस्वी में फातिमिद खलीफाओं के दौर में अल-अदजीज बी-अल्लाह ने शुरू किया था। इसके निर्माण में 23 साल लगे थे। 1013 ईसवी में जाकर इस मस्जिद का निर्माण कार्य पूरा हुआ।
यह मस्जिद दाऊदी बोहरा समुदाय के लिए बेहद सांस्कृतिक महत्व रखती है। पीएम मोदी इस मस्जिद की दीवारों और दरवाजों पर बनी नक्काशी को देख बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने इस संबंध में वहां मौजूद दाऊदी बोहरा समुदाय के लोगों से बात भी की। इस मस्जिद को दोबारा बनाने में दाऊदी बोहरा समुदाय का बड़ा योगदान रहा है।
इस समुदाय की मदद से ही इस मस्जिद का 1980 में पुननिर्माण कराया गया था। इस मस्जिद के पुननिर्माण की जिम्मेदारी गुजरात से संबंध रखने वाले दाऊदी बोहरा समुदाय के 52वें धर्मगुरु मोहम्मद बुरहानुद्दीन ने ली थी।
इसके बाद साल 2017 में दाऊदी बोहरा समुदाय और मिस्र के पर्यटन एवं पुरावशेष मंत्रालय ने मस्जिद को लेकर एक साझा पहल शुरू की। इसके तहत मस्जिद के वास्तुशिल्प का नवीनीकरण किया गया। यह प्रोजेक्ट 6 सालों तक चला जिसके बाद आखिरकार फरवरी महीने में इसे आमलोगों के लिए फिर से खोला गया।
दाऊदी बोहरा समुदाय के साथ पीएम मोदी का बेहतर संबंध है। पीएम मोदी कई बार दाऊदी बोहरा समुदाय के कार्यक्रमों में शामिल हो चुके हैं। बोहरा समुदाय 11वीं शताब्दी में उत्तरी मिस्र से भारत पहुंचा था। दाऊदी बोहरा समुदाय पढ़े-लिखे, दुनिया के सबसे संपन्न मुस्लिम समुदाय माने जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications