पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर की बातचीत, इन अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की। फोन के जरिए हुई इस बातचीत में ब्रिक्स में रूस की अध्यक्षता सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि अभी राष्ट्रपति पुतिन से बात हुई। इस दौरान दोनों देशों की विशेष रणनीतिक साझेदारी को लेकर चर्चा हुई। इसके साथ ही भविष्य को लेकर रोडमैप तैयार करने पर सहमति बनी।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे बीच विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की गई, जिसमें रूस को मिली ब्रिक्स की अध्यक्षता भी शामिल है। आपको बता दें कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन इस बार रूस में होने जा रहा है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा, 'दोनों नेताओं ने रूस और भारत के बीच द्विपक्षीय सहयोग के कई मुद्दों पर समीक्षा की। उन्होंने दोनों देशों के विकास का मूल्यांकन किया और भारत-रूस रिश्तों को और मजबूत करने के लिए भविष्य में एक रोडमैप विकसित करने पर सहमति व्यक्त की।
पीएमओ ने कहा, 'दोनों नेताओं ने आपसी हितों के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी बात की। पीएम मोदी ने 2024 में ब्रिक्स की अध्यक्षता के लिए रूसी राष्ट्रपति पुतिन को शुभकामनाएं दीं और भारत के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। दोनों नेता भविष्य में भी संपर्क में बने रहने पर सहमत हुए हैं।'
यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के देश का दौरा नहीं किया है लेकिन फोन पर कई बार बातचीत हुई है। पिछले महीने ही विदेश मंत्री जयशंकर ने भारत और रूस के बीच होने वाली सालाना बैठक में हिस्सा लेने के लिए मॉस्को का दौरा किया था।












Click it and Unblock the Notifications