शिंजो आबे को अंतिम विदाई देने जापान जाएंगे पीएम मोदी, जापानी मीडिया ने किया दावा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगले महीने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने की रिपोर्ट मिल रही है।
टोक्यो, 24 अगस्तः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने की रिपोर्ट मिल रही है। जापानी मीडिया के मुताबिक पीएम मोदी 27 सितंबर को आबे के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। यह समारोह टोक्यो के किटानोमारू नेशनल गार्डन में निप्पॉन बुडोकन क्षेत्र में होगा।

दूसरे पीएम जिनका होगा राजकीय संस्कार
क्योदो समाचार एजेंसी के अनुसार, प्रधानमंत्री आधिकारिक विदाई समारोह में शामिल होंगे। रिपोर्ट में कहा गया है कि उनके जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के साथ बैठक करने की भी संभावना है। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद शिंजो आबे जापान के ऐसे दूसरे पीएम होंगे जिनका राजकीय अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले 1967 में शिगेरू योशिदा के लिए राजकीय अंतिम संस्कार रखा गया था।

पीएम मोदी और आबे के बीच था घनिष्ठ संबंध
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिंजो आबे के बीच मित्रवत संबंध रहे। शिंजो आबे ने न सिर्फ अपने कार्यकाल के दौरान बल्कि बाद में भी भारत के साथ मैत्रीपूर्ण रिश्ते जोड़े रखे। 2018 में पीएम मोदी की जापान की आधिकारिक यात्रा के दौरान, आबे ने उन्हें अपने यामानाशी प्रान्त में स्थित परिवारिक घर में आमंत्रित किया था। इससे पहले मई में, जापानी पीएम के पद छोड़ने के लगभग दो साल बाद, पीएम मोदी जब क्वाड शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जापान गए तो उन्होंने आबे से भी मुलाकात की थी।

8 जुलाई को हुई थी हत्या
आबे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तब से ही अच्छे संबंध रहे थे जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। आबे को जापान के नारा में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान आठ जुलाई को गोली मार दी गयी थी जिससे उनकी मृत्यु हो गयी। वह 67 वर्ष के थे। आबे जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे। आबे के निधन पर पीएम मोदी ने अपने मित्र को विशेष श्रद्धांजलि दी थी।
पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, "शिंजो आबे जी के निधन से जापान और विश्व ने एक महान विजनरी व्यक्तित्व को खो दिया है। मैंने भी अपना एक बहुत करीबी साथी खोया है। अपने दोस्त शिंजो आबे जी को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि..." पीएम ने लिखा था कि शिंजो आबे न सिर्फ जापान की एक महान विभूति थे, बल्कि विशाल व्यक्तित्व के धनी एक वैश्विक राजनेता थे। भारत-जापान की मित्रता के वे बहुत बड़े हिमायती थे। बहुत दुखद बात है कि अब वे हमारे बीच नहीं हैं। उनके असमय चले जाने से जापान ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया ने एक बहुत बड़ा विजनरी लीडर खो दिया है, तो वहीं मैंने अपना एक प्रिय दोस्त गंवाया है।












Click it and Unblock the Notifications