नेपाल 12 साल में 20वां विमान हादसा, यहां पर हवाई दुर्घटनाओं का है पुराना इतिहास, वजह ये है
एविएशन सेफ्टी नेटवर्क के अनुसार, मार्च 2018 के बाद से यह नेपाल की सबसे घातक दुर्घटना है। एक रिपोर्ट के मुताबिक नेपाल में बीते 12 सालों में 20 विमान हादसे हो चुके हैं, जिसमें सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है।

Image: PTI
नेपाल में एक बार फिर से रविवार को बड़ा विमान हादसा हो गया। पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रनवे पर 72 सीटों वाला यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। बचाव कार्य जारी है। इस विमान में दो भारतीय नागरिकों समेत 11 विदेशी भी सवार थे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक 40 शव बरामद किए जा चुके हैं। एविएशन सेफ्टी नेटवर्क के अनुसार, मार्च 2018 के बाद से यह नेपाल की सबसे घातक दुर्घटना है। एक रिपोर्ट के मुताबिक नेपाल में बीते 12 सालों में 20 विमान हादसे हो चुके हैं, जिसमें सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है।
नेपाल में क्यों होते हैं अधिक हादसे?
पर्वतीय देश नेपाल कई बार विमान हादसों का शिकार हो चुका है। हवाई सेवाओं पर नजर रखने वाली एक वेबसाइट ने नेपाल एयरलाइंस को सबसे खतरनाक एयरलाइंस की सूची में टॉप 10 लिस्ट में भी जगह दी हुई है। ऐसा बताया जाता है कि नेपाल में अस्थिर मौसम, कम दृश्यता और पहाड़ों के बीच बनीं कठिन हवाई पट्टियां इन हादसों का बड़ा कारण बनती हैं।
नेपाल में हुए कुछ बड़े विमान हादसे-
29 मई 2022 तारा एयरलाइन विमान क्रैश: बीते साल तारा एयरलाइन का विमान पोखरा से जोमसोम जाते हुए क्रैश कर गया था। इस विमान में क्रू मेंबर समेत 22 लोग सवार थे, जिसमें चार भारतीय भी शामिल थे। इस विमान हादसे में कोई भी नहीं बच पाया था।
2019 हैलीकॉप्टर क्रैशः फरवरी 2019 में टेपलगंज में पथरीभरन के समीप एक हैलीकॉप्टर क्रैश कर गया था। इसमें केंद्रीय मंत्री रविंद्र अधिकारी समेत 7 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद अप्रैल महीने में भी एक और हैलीकॉप्टर सुलोखुंबु जिले में लुकला एयरपोर्ट पर दुर्घटना का शिकार हो गया था। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई थी।
2018 यूएस-बांग्ला एयरलाइंस क्रैश: साल 2018 में यूएस-बांग्ला एयरलाइंस त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते हुए हादसे का शिकार हो गया था। इस हादसे में 51 लोगों की मौत हो गई थी। विमान में 71 लोग सवार थे।
2016 तारा एयर फ्लाइट 193 क्रैश: पोखरा से जोमसोम के लिए उड़ान भरने के 8 मिनट बाद ही विमान लापता हो गया था। इसके बाद विमान का इसका मलबा दाना गांव के पास पाया गया। विमान में सवार सभी 23 लोगों की मौत हो गई थी।
2012 सीता एयर फ्लाइट 601 क्रैश: सीता एयर फ्लाइट विमान ने काठमांडू से उड़ान भरी थी, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण इसकी आपाकालीन लैंडिंग करने की जरूरत आ पड़ी। लैंडिंग के दौरान हादसा हो गया। इस दौरान विमान में बैठे सभी 19 लोगों की मौत हो गई थी।
2012 अग्नि एयर डोर्नियर विमान हादसा: अग्नि एयर का डोर्नियर 228 विमान ने पोखरा से जोमसोम के लिए उड़ान भरी थी। जोमसोम हवाई अड्डे के पास पहुंचे ही विमान दुर्घटना का शिकार हो गया। इस हादसे में पायलट समेत 15 यात्रियों की मौत हो गई थी।
2011 बुद्ध एयर फ्लाइट विमान हादसा: 2011 में बुद्ध एयर का विमान हादसे का शिकार हो गया था। जहाज पर 22 लोग सवाल थे। इसमें 10 भारतीय भी थे। हादसे में सभी लोगों की मौत हो गई थी।
2010 तारा एयर ट्विन ओटर हादसा: 2010 में तारा एयर का एक प्लेन क्रैश हो गया था। टेक-ऑफ के तुरंत बाद विमान दुर्घटना का शिकार हो गया। इस हादसे में चालक दल के तीन सदस्यों सहित जहाज पर सवार सभी 22 लोग मारे गए थे।
2010 अग्नि एयर फ्लाइट 101 विमान हादसा: अग्नि एयर फ्लाइट 101 के विमान का संपर्क टूट गया था। यह विमान काठमांडू से उड़ा था। इसमें बैठे सभी 14 लोगों की मौत हो गई।
Nepal: पोखरा में बड़ा विमान हादसा, ATR-72 पैसेंजर प्लेन क्रैश, अब तक 40 मरे!












Click it and Unblock the Notifications