कैंसर पीड़ित बच्चे के लिए इस खिलाड़ी ने बेच दिया ओलंपिक मेडल
वॉरसॉ। रियो ओलंपिक में पोलैंड के पिओटर मालाहौव्स्की ने रजत पदक जीता था। ये पदक उन्होंने डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता में जीता था। अब पिओटर ने अपने इस मेडल को नीलाम कर दिया है। और इस नीलामी की वजह है 2 साल का एक मासूम सा बच्चा।

दरअसल, यह दो साल का बच्चा आंखों के कैंसर से पीड़ित है। इस बात की जानकारी उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए दी है। 33 साल के पिओटर ने फेसबुक पर लिखा है कि उनसे आंखों के कैंसर से पीड़ित एक दो साल के बच्चे की मां ने मदद मांगी, जिसके बाद उन्होंने ऐसा किया है।
बच्चे का इलाज न्यूयॉर्क में कराने के अलावा और कोई रास्ता नहीं है और इस बच्चे की मां के पास इतने पैसे नहीं हैं कि वह उसका इलाज अपने दम पर न्यूयॉर्क में करा सके। इसीलिए पिओटर ने अपना मेडल नीलाम कर रकम जुटाने की ठानी है।
पिओटर कहते हैं- रियो में मेरी पूरी कोशिश थी कि मैं स्वर्ण पदक ही जीतूं, लेकिन किस्मत ने मुझे अपने रजत पदक की वैल्यू को बढ़ाने का एक मौका दिया है। उन्होंने यह कहा था कि इस रजत पदक की नीलामी से जितनी भी रकम जमा होगी, वे सारे पैसे बच्चे के इलाज में लगा देंगे।
हाल ही में उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट की है जिसमें उन्होंने लिखा है कि डोमिनिक और सेबेस्टियन इस मेडल को खरीदने के लिए राजी हो गए हैं और उससे जितने पैसे मिल रहे हैं उससे बच्चे का आसानी से इलाज हो जाएगा।
पिओटर इस नीलामी में हिस्सा लेने वाले सभी लोगों का धन्यवाद करते हुए लिखते हैं कि एक सप्ताह में मेरे रजत पदक की कीमत पहले से कहीं अधिक हो गई है। जिंदगी सबसे अधिक कीमती चीज है। यह हमारी साथ मिलकर पाई हुई सबसे बड़ी सफलता है।












Click it and Unblock the Notifications