अरेंज मैरिज से नाबालिग बेटी ने किया इंकार तो घरवालों ने झाड़ू से पीटा, खौलते तेल से नहलाया
नई दिल्ली। 16 साल की लड़की को प्रताडि़त करने के आरोप में उसके परिजनों को गिरफ्तार किया गया है। मामला अमेरिका के टेक्सास का है। परिजनों पर आरोप है कि उन्होंने नाबालिग बेटी की जबरन शादी करानी चाही और जब लड़की ने अरेंज मैरेज से मना कर दिया तो उसे बेरहमी से पीटा गया और खौलता हुआ तेल डाल दिया गया। गिरफ्तार परिजन की पहचान 34 वर्षीय अब्दुलाह फाहमी एल हिशमावी और 33 वर्षीय हमदियाह सहा अल हिशमावी के रूप में हुई है। अंग्रेजी वेबसाइट डेली मेल में छपी खबर के मुताबिक पीडि़ता का नाम मारिब अल हिशमावी है और वो 30 जनवरी से लापता थी।

परिजनों ने लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। शुक्रवार को बेक्सर काउंटी पुलिस अधिकारी जेवियर सलाजार ने कहा, "मारिब ने शादी से इनकार कर दिया था, जिसके कारण उसके परिजनों ने पहले तो झाडू से उसकी पिटाई की, फिर उसका गला दबाया जब तक कि वह बेसुध नहीं हो गई। इसके बाद आरोपियों ने उसके ऊपर खौलता हुआ तेल डाल दिया। पिछले एक साल से मारिब से शादी करने के लिए कहा जा रहा था। उसके परिजनों ने उसका रिश्ता दूसरे शहर के एक व्यक्ति के साथ किया था जो उन्हें इस शादी के बदले बीस हजार डॉलर देने वाला था। उस समय मारिब 15 साल की थी।"
अधिकारी के अनुसार, "इतने अत्याचारों के बाद मारिब ने शादी के लिए हां कह दी। शादी की तारीख नजदीक थी और तब तक मारिब भागने की योजना बना रही थी। मारिब 30 जनवरी को सैन एनटॉनियो स्थित टाफ्ट हाई स्कूल के लिए निकली और गायब हो गई।" रिपोर्ट के अनुसार, मारिब की तालाश में एफबीआई भी शामिल हुई। एफबीआई ने अपने फेसबुक पेज पर मारिब के गुमशुदा होने का एक पोस्ट भी शेयर किया था। मार्च में मारिब की तलाश कर ली गई, जिसके बाद उसने अपने गायब होने के पीछे अपने परिजनों की करतूत को वजह बताया। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मारिब को अब एक सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, जहां पर उसकी काउंसलिंग की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications