पाकिस्तानः व्यभिचार के आरोप में महिला की पत्थर मारकर ले ली जान, पति ने भाईयों संग मिलकर घटना को दिया अंजाम
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक महिला की कथित तौर पर व्यभिचार के आरोप में लोगों द्वारा पत्थर मार-मार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को कहा कि यह घटना शुक्रवार को लाहौर से करीब 500 किलोमीटर दूर पंजाब के राजनपुर जिले में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, महिला का पति ने ही अपनी पत्नी पर व्यभिचार का आरोप लगाया था। पति की उम्र 20 साल है। उसने शुक्रवार को अपनी पत्नी पर व्यभिचार का आरोप लगाते हुए दो भाईयों संग मिलकर पेड़ से बांध दिया और पत्थर मारकर हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक महिला को पत्थर मारने से पहले उन लोगों ने उसे बेरहमी से प्रताड़ित भी किया। पुलिस ने कहा कि अपराध को अंजाम देने के बाद दोनों भाई भाग गए। पुलिस का अनुमान है कि वे पंजाब और बलूचिस्तान के बीच किसी इलाके में छिपे हुए हैं।
पीड़ित महिला राजनपुर की अलकानी जनजाति से संबंध रखती थी। आपको ता दें कि पाकिस्तान में हर साल ऑनर किलिंग के नाम पर कई महिलाओं की हत्या कर दी जाती है। कई बार उन्हें दिल दहलाने वाली सजा दी जाती है, तो कई बार उन्हें मौत के घाट उतार दिया जाता है।
मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के अनुसार, पाकिस्तान में हर साल ऑनर किलिंग के नाम पर लगभग 1,000 महिलाओं की हत्या कर दी जाती है। ऐसी हत्याओं के पीछे अक्सर परिवार के लोग ही होते हैं।
देश में यह व्यापक रूप से माना जाता है कि पीड़ितों ने अपनी इच्छा के विरुद्ध विवाह करके या संबंध बनाकर अपने परिवार को शर्मसार और बदनाम किया है। परिवार के मान-सम्मान का हवाला देकर अपनी ही बहन-बेटियों को मार डालते हैं।
कुछ दिन पहले पंजाब के मियांवाली जिले में ऑनर किलिंग के नाम पर एक युवा महिला डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय डॉक्टर अपने सहकर्मी से शादी करना चाहती थी लेकिन उसके पिता को यह मंजूर नहीं था।
कुछ साल पहले पाकिस्तान में ही एक तीन महीने की गर्भवती फरजाना परवीन को घर वालों की मर्जी के विरुद्ध प्रेमी से विवाह करने के कारण परिजनों ने ईंट-पत्थरों से मार-मार कर जान ले ली थी।












Click it and Unblock the Notifications