Pakistan Visa for Indian: 737 भारतीय अचानक क्यों जाएंगे पाकिस्तान? शहबाज सरकार के इस एक फैसले ने सबको चौंकाया
Pakistan Visa for Indian Sikh Pilgrims: पाकिस्तान में पांचवें सिख गुरु, गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले सालाना धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारतीय श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है। पाकिस्तान उच्चायोग ने 737 भारतीय तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किए हैं। यह धार्मिक यात्रा 10 जून से 19 जून तक चलेगी, जिसमें श्रद्धालु पाकिस्तान के कई ऐतिहासिक गुरुद्वारों में माथा टेक सकेंगे।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने भी इस फैसले का स्वागत किया है। श्रद्धालुओं का जत्था 10 जून को अमृतसर से रवाना होगा और गुरु साहिब से जुड़े पवित्र स्थलों के दर्शन करेगा।

Pakistan High Commission visas: 737 भारतीय श्रद्धालुओं को मिला वीजा
पाकिस्तान उच्चायोग ने जानकारी दी है कि गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस से जुड़े धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 737 भारतीय श्रद्धालुओं को वीजा जारी किया गया है। यह आयोजन हर साल पाकिस्तान में बड़े स्तर पर किया जाता है। वीजा मिलने से सिख समुदाय में खुशी का माहौल है। श्रद्धालु कई ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले गुरुद्वारों में जाकर अरदास करेंगे और गुरु साहिब की शिक्षाओं को याद करेंगे।
ये भी पढे़ं: OI Explained: क्या है 12 रिजर्व सीटों का विवाद जिसके लिए में PoK में हो रही हिंसा? क्या है पाक के संविधान में?
इन प्रमुख गुरुद्वारों में होंगे दर्शन
यात्रा के दौरान श्रद्धालु पाकिस्तान के प्रसिद्ध गुरुद्वारों में मत्था टेकेंगे। इनमें गुरुद्वारा पंजा साहिब, गुरुद्वारा ननकाना साहिब और गुरुद्वारा करतारपुर साहिब प्रमुख हैं। ये सभी स्थल सिख धर्म के लिए बेहद खास माने जाते हैं। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। इस यात्रा के जरिए श्रद्धालुओं को अपने धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ने का मौका मिलता है।
पाकिस्तान के कार्यवाहक उच्चायुक्त ने दी शुभकामनाएं
भारत में पाकिस्तान के कार्यवाहक उच्चायुक्त साद अहमद वाराइच ने सभी तीर्थयात्रियों को सफल और सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि वीजा जारी करना दोनों देशों के बीच 1974 में हुए धार्मिक यात्रा समझौते के तहत पाकिस्तान की जिम्मेदारी का हिस्सा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रद्धालुओं की यह यात्रा शांतिपूर्ण और यादगार रहेगी तथा धार्मिक सद्भाव को भी मजबूत करेगी।
SGPC को मिले 541 श्रद्धालुओं के वीजा
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के मुताबिक, संस्था को 541 सिख श्रद्धालुओं के वीजा प्राप्त हुए हैं। ये श्रद्धालु गुरु अर्जुन देव जी की शहादत की वर्षगांठ पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों में दर्शन करेंगे। SGPC लंबे समय से इस धार्मिक यात्रा का समन्वय करती रही है। संस्था ने वीजा मिलने पर संतोष जताते हुए श्रद्धालुओं से तय कार्यक्रम के अनुसार यात्रा की तैयारी पूरी करने की अपील की है।
ये भी पढे़ं: PoK Violence: Pakistan पर फूटा PoK की जनता का गुस्सा, पुलिस को वर्दी उतारकर पीटा! 27 लोगों की मौत
10 जून को रवाना होगा श्रद्धालुओं का जत्था
SGPC की धर्म प्रचार समिति के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने बताया कि तीर्थयात्रियों का जत्था 10 जून को अमृतसर स्थित SGPC मुख्यालय से पाकिस्तान के लिए रवाना होगा। जिन श्रद्धालुओं के वीजा मंजूर हो गए हैं, उन्हें अपने पासपोर्ट SGPC कार्यालय से प्राप्त करने के लिए कहा गया है। यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न गुरुद्वारों के दर्शन करेंगे और धार्मिक समारोहों में भाग लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications