पाकिस्तान में आतंकियों के निशाने पर सिख समुदाय, दुकानदार की गोली मारकर हत्या, पेशावर से सिखों का पलायन
Pakistan Sikh Attack: पाकिस्तान में सिख समुदाय पर उस समय दुख का पहाड़ टूट पड़ा, जब शनिवार शाम को पेशावर शहर में एक पाकिस्तानी सिख दुकानदार मनमोहन सिंह की अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस साल पाकिस्तान में यह तीसरी ऐसी घटना है, जब सिख समुदाय को निशाना बनाया गया है।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुद्वारा भाई जोगा सिंह से महज पांच मिनट की दूरी पर रशीद गढ़ी चौक के पास एक सिख दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कॉस्मेटिक दुकान चलाने वाले मनमोहन सिंह की उम्र 29 साल थी और उन्हें अज्ञात बाइक सवारों ने गोली मार दी।

पाकिस्तान में सिखों पर हमला
पेशावर के रहने वाले धार्मिक और सामाजिक कार्यकर्ता बाबा जी गुरपाल सिंह ने कहा, कि मनमोहन सिंह पर हमलावरों ने उस समय हमला किया, जब वह ऑटोरिक्शा से घर लौट रहे थे। मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों ने उनकी छाती और सिर पर गोलियां मारी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मनमोहन सिंह की हत्या ठीक उस घटना के तीन दिनों के बाद हुई है, जब एक अन्य सिख दुकानदार तरलोक सिंह पर हमला हुआ था, जिसमें वो बाल बाल बचे। गुरपाल सिंह ने कहा, कि "तीन हमलावरों ने पांच राउंड गोलियां चलाईं लेकिन तरलोक काउंटर के नीचे छिप गया और हमले से बच गये।"
आतंकी संगठन दाएश ने जहां तारलोक पर हमले की जिम्मेदारी ली है, वहीं गुरपाल ने कहा, कि मनमोहन सिंह की हत्या के पीछे किसी संगठन ने अभी तक जिम्मेदारी नहीं ली है। उन्होंने यह भी सवाल किया, कि शांतिपूर्ण सिख समुदाय को आतंकवादी संगठनों द्वारा निशाना क्यों बनाया जा रहा है?
पेशावर के सिख समुदाय ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) सहित अंतरराष्ट्रीय सिख समुदाय से अपनी सुरक्षा और संरक्षा के लिए सहायता की अपील की है। गुरपाल ने कहा, कि इन घटनाओं ने पेशावर सिख समुदाय की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंताएं पैदा कर दी हैं।
पेशावर से भागते सिख
गुरपाल ने कहा कि पेशावर के रहने वाले करीब 7,000 सिखों में से एक बड़ी आबादी ने अपनी जान बचाने के लिए पलायन करना शुरू कर दिया है और वो भागकर पाकिस्तान के भीतर ननकाना साहिब और लाहौर जैसे अन्य शहरों में बस रहे हैं। उन्होंने कहा, "यह प्रवास पेशावर में सिख समुदाय की सुरक्षा और भलाई के लिए बढ़ती चिंताओं को दर्शाता है, जो कुछ लोगों को देश के अन्य क्षेत्रों में शरण लेने के लिए प्रेरित कर रहा है।" उन्होंने बताया कि मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications