कंगाल पाकिस्तान की लाज बचाने आगे आया सऊदी अरब, दिए 2 अरब डॉलर, संकट से उबर पाएगा पड़ोसी देश?
अपने वादे के मुताबिक IMF के बाद अब सऊदी अरब ने पाकिस्तान की आर्थिक मदद की है। पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार ने मंगलवार को कहा कि सऊदी अरब से उनके देश को दो अरब डॉलर मिले हैं।
वित्त मंत्री इशाक डार ने कहा कि सऊदी अरब की तरफ से स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान में दो अरब डॉलर जमा करा दिए गए हैं। वित्त मंत्री ने ट्विटर पर सऊदी की तरफ से मिली मदद के बारे में बताया है।

इशाक डार ने ट्विटर पर लिखा, "शुक्रवार को हमारा भंडार 10 बिलियन डॉलर से भी कम पर बंद हुआ था, जो लगभग 9.67 बिलियन डॉलर था, इसलिए अब आप इसे 11.67 बिलियन डॉलर के करीब कल्पना कर सकते हैं।" इशाक डार ने कहा कि 14 जुलाई को यह राशि मुद्रा भंडार में दिखने लगेगी।
वित्तमंत्री ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेनाध्यक्ष जनरल सैयद असीम मुनीर की ओर से सऊदी अरब विशेष रूप से किंग सलमान और क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है।
वित्त मंत्री ने कहा, "हम एक सच्चे भाई की तरह पाकिस्तान के साथ हमेशा खड़े रहने के लिए उनके आभारी हैं।" उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आर्थिक मोर्चे पर और अधिक सकारात्मक विकास होगा। उन्होंने दावा किया कि देश स्थिरता पर पहुंच गया है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के पास धनराशि जमा करने के लिए सऊदी अरब के नेतृत्व के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने पाकिस्तान को यह वित्तीय सहायता सुनिश्चित करने के लिए सऊदी क्राउन प्रिंस को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि इस्लामाबाद पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए सभी आवश्यक प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है।
आपको बता दें कि पाकिस्तान का IMF के साथ जारी प्रोग्राम 30 जून को खत्म हो गया था। इससे पहले स्टैंडबाय अरेंजमेंट के तहत कम समय के लिए IMF डील पर साइन हुए। IMF की तरफ से नौ महीने की अवधि में पाकिस्तान को तीन अरब डॉलर मिलेंगे। 12 जुलाई को होने वाली मीटिंग में इसे मंजूरी मिलने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications