बलूच आतंकियों की फंडिग कर रहा भारत, नाक में दम हुआ तो तिलमिलाए PAK PM, कहा- नहीं बनने देंगे एक और बांग्लादेश
हाइलाइट्स
- पाक पीएम ने भारत पर लगाया बड़ा आरोप
- रॉ करता है बलूचिस्तान में अलगाववाद की फंडिंग
- बलूचिस्तान को 1971 का बांग्लादेश नहीं बनने देंगे

पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवर-उल-काकड़ ने भारत और भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया है कि बलूचिस्तान की आजादी की मांग करने वाले अलगाववादियों को भारत और भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ से फंडिंग मिलती है।
पाकिस्तानी अखबार 'द डॉन' की रिपोर्ट के मुताबिक, लाहौर में बिजनेस फैसिलिटेशन सेंटर में 20 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान काकड़ ने बलूचिस्तान के मुद्दे पर बातें की। इस्लामाबाद में बलूच विरोध प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवालों पर वे अपनी बात रख रहे थे। इस दौरान बलूचिस्तान को लेकर हो रहे प्रदर्शनों पर वे बेहद नाराज दिखे।
आपको बता दें कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रहने वाले लोग सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि पाकिस्तानी सेना बलूच लोगों का जबरन अपहरण कर रही है। इसलिए पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हजारों की तादाद में बलूच रैली निकाल रहे हैं। चूंकि पाकिस्तानी केयर टेकर पीएम काकड़ का संबंध बलूचिस्तान से है, इसलिए बलूचिस्तानियों के प्रति हमदर्दी न रखने को लेकर उनकी सबसे ज्यादा आलोचना हो रही है।
काकड़ ने कहा- बलूचों के खिलाफ लड़ाई नहीं
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि बलूच होने के बाद भी वह उनका मुद्दा हल नहीं कर रहे। लोगों का कहना है कि बलूच उन्हें याद रखेगा। काकड़ ने कहा कि लोग उन्हें ताने न दें कि उन्हें बलोच याद रखेंगे। उनका बलूचों से जातीय झगड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई बलोचिस्तान के सशस्त्र संगठनों के खिलाफ है।
काकड़ ने कहा कि जो लोग विरोध में बाहर से शामिल हुए हैं, उन्हें जवाब देना चाहिए कि डॉ. शफी मेंगल की हत्या किसने की? क्या वह बलूच नहीं था? क्या वह हिंदू था या हिंदुस्तान से आया था? मौला बक्श दश्ती कौन था? क्या वह हिंदू, अंग्रेज, ईसाई या यहूदी था? क्या वह बलूच नहीं था?
काकड़ ने कहा कि ये ट्विटर पर बैठकर जो जंग लड़ने की कोशिश कर रहे हैं न... जिस दिन मैं इस पद से हटूंगा उस दिन ईंशाअल्लाह खुल के बात करूंगा। अभी मैं कई बातें नहीं कह सकता क्योंकि मेरा ओहदा मुझे संभल कर बोलने को कहती है।
पीएम काकड़ ने जोर देकर कहा प्रदर्शनकारियों को प्रदर्शन का अधिकार है, क्योंकि उनके परिवार के लोग मारे गए हैं। लेकिन उन्हें यह भी समझना चाहिए कि उनके परिवार के लोग देश के खिलाफ लड़ रहे थे।
बलूचिस्तान को बांग्लादेश नहीं बनने देंगे
पाक पीएम ने कहा कि कोई हिन्दुस्तान में ISI के पैसों से लड़े और फिर देखे कि उनका क्या हाल होता है। उन्होंने कहा कि ये विदेशी मदद से किया गया एक सशस्त्र विद्रोह है। काकड़ ने कहा कि बलूचिस्तान के 98 प्रतिशत लोग आज भी पाकिस्तान के साथ हैं। ये 1971 नहीं है। बलूचिस्तान बांग्लादेश नहीं है, जो अलग हो जाएगा।
रॉ कर रही फंडिंगः काकड़
काकड़ ने आगे उन्होंने कहा, 'ये 80-90 कत्ल करते हैं। हिंदुस्तान से पैसा लेके यह कत्ल करते हैं। मैं ये खुलेआम कह रहा हूं। रॉ की फंडिंग के साथ करते हैं। कह दें ये कि ये नहीं करते हैं। ये कोई छुपी बात नहीं है। हिंदुस्तान में कोई ISI के पैसों से लड़कर देख ले। देख लेना वो क्या हाल करेंगे।'
प्रदर्शनकारियों के हमदर्द न बनेंः काकड़
जिसको देखो अपने आपको बहुत बड़ा हमदर्द समझता है। मुझे उन पाकिस्तानियों से शिकायत है जो असलियत नहीं समझते हैं। पाक पीएम ने कहा कि जो लोग प्रदर्शन का समर्थन कर रहे हैं उन्हें भी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी में शामिल हो जाना चाहिए। ताकि उन्हें और सेना को भी स्पष्टता हो कि कौन उनके खिलाफ है।












Click it and Unblock the Notifications