Pakistan Petrol Price Hike: पाकिस्तान में फूटा पेट्रोल बम! एक झटके में बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, आम जनता बेहाल
Pakistan Petrol Price Hike: आर्थिक कंगाली और महंगाई की मार झेल रहे पाकिस्तान की जनता पर वहां की सरकार ने अब तक का सबसे बड़ा 'पेट्रोल बम' फोड़ा है। मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) में जारी भीषण युद्ध और वैश्विक तेल संकट का हवाला देते हुए शहबाज शरीफ सरकार ने ईंधन की कीमतों में ऐतिहासिक बढ़ोतरी कर दी है।
शुक्रवार, 3 अप्रैव की सुबह से लागू हुई नई दरों के अनुसार, पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत में ₹137.24 और डीजल में ₹184.49 प्रति लीटर का भारी इजाफा किया गया है। इस वृद्धि के बाद पाकिस्तान के इतिहास में पहली बार पेट्रोल ₹458 और डीजल ₹520 प्रति लीटर के पार पहुंच गया है।

पेट्रोल की नई कीमतें: एक नज़र में
पाकिस्तानी ऊर्जा मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नई दरें इस प्रकार हैं:
पेट्रोल: ₹137 की बढ़ोतरी के साथ अब ₹458 प्रति लीटर।
डीजल: ₹184 की भारी बढ़ोतरी के साथ अब ₹520 प्रति लीटर।
कीमतों में यह उछाल रातों-रात लागू कर दिया गया है, जिससे पूरे देश में अफरा-तफरी का माहौल है।
मिडिल ईस्ट युद्ध का असर से मची हाहाकार
पाकिस्तान के वित्त मंत्रालय ने इस फैसले को 'मजबूरी' बताया है। सरकार का तर्क है कि पश्चिम एशिया (West Asia) में जारी संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई बाधित हुई है। सप्लाई चैन पर बुरा असर पड़ा है।
दुनिया के बड़े तेल उत्पादक क्षेत्रों में तनाव के कारण कच्चे तेल के दाम सातवें आसमान पर हैं। पाकिस्तान अपनी जरूरत का अधिकांश तेल आयात करता है। विदेशी मुद्रा भंडार की कमी और डॉलर के मुकाबले गिरते पाकिस्तानी रुपये ने इस संकट को और गंभीर बना दिया है। होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर तनाव के कारण मालवाहक जहाजों का आवागमन प्रभावित हुआ है, जिससे बीमा और ट्रांसपोर्टेशन की लागत बढ़ गई है।
जनता की कमर टूटी: महंगाई का नया दौर
तेल की कीमतों में इस 'अकल्पनीय' बढ़ोतरी ने आम पाकिस्तानी नागरिक की कमर तोड़ दी है। डीजल के दाम ₹500 के पार जाने से फल, सब्जियां और अनाज जैसी जरूरी चीजों की ढुलाई महंगी हो जाएगी, जिससे सीधा असर आम आदमी की थाली पर पड़ेगा।
बस और टैक्सी किरायों में भारी बढ़ोतरी की आशंका है, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों और छात्रों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पाकिस्तान में बिजली बनाने के लिए भी डीजल का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है, जिससे अब बिजली के बिलों में भी करंट लगने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications