इमरान खान के खिलाफ सेना का चौतरफा हमला, आतंकी बताकर कई समर्थकों को पकड़ा, घर की होगी तलाशी
पाकिस्तान काफी नाजुक हालात से गुजर रहा है और रिपोर्ट्स में कहा गया है, कि गिरफ्तार किए गये इमरान समर्थकों को बुरी तरह से टॉर्चर किया जा रहा है।

Pakistan News in Hindi: इमरान खान के खिलाफ पाकिस्तान की शहबाज सरकार ने सेना ने चौतरफा मोर्चा खोल दिया है और इमरान खान के समर्थकों को आतंकवादी बताकर गिरफ्तार किया जा रहा है। वहीं, लाहौर पुलिस को इमरान खान के घर की तलाशी लेने का वारंट भी मिल गया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष इमरान खान के जमान पार्क स्थित आवास से भागने की कोशिश कर रहे छह और "आतंकवादियों" को गिरफ्तार किया है। जिससे कुल गिरफ्तारियों की संख्या 14 हो गई है।
लाहौर कैपिटल सिटी पुलिस अधिकारी (सीसीपीओ) बिलाल सद्दीक काम्याना ने इन 'आतंकियों' को पकड़ने का दावा किया है।
इमरान पर चौतरफा हमला
CCPO काम्याना के अनुसार कथित "आतंकवादियों" में से चार अस्करी टॉवर पर किए गये हमले में शामिल थे, जबकि उनमें से दो कोर कमांडर हाउस लाहौर में तोड़फोड़ करने वालों में से शामिल थे।
पंजाब पुलिस ये गिरफ्तारियां उस वक्त कर रही हैं, जब पंजाब के कार्यवाहक सूचना मंत्री आमिर मीर ने बुधवार को इमरान खान को 24 घंटे की मोहलत दी थी और कहा था, कि उनके घर में 30 से 40 आतंकवादी छिपे हुए हैं।
लाहौर पुलिस ने कहा है, कि इन 'आतंकियों' को उस वक्त गिरफ्तार किया गया है, जब वो इमरान खान के घर से निकलकर भाग रहे थे। आमिर मीर ने कहा था, कि हिरासत में लिए गए आतंकवादियों की पहले ही पहचान हो चुकी है और वे नौ मई को लाहौर कोर कमांडर हाउस पर हुए हमले में कथित रूप से शामिल थे।

इमरान खान के घर की होगी तलाशी
वहीं, सीसीपीओ काम्याना ने गिरफ्तारियों की पुष्टि करते हुए कहा है, कि लाहौर के कमिश्नर मुहम्मद अली रंधावा की अध्यक्षता वाली एक वार्ता टीम, जुमे की नमाज़ के बाद जमान पार्क जाएगी और वो इमरान खान के घर की तलाशी लेगी।
बताया गया है, कि कमिश्नर की अगुवाई वाली ये टीम इमरान खान के घर जाकर पीटीआई के नेताओं के साथ उनके घर में छिपाकर रखे गये आतंकियों को लेकर बातचीत करेगी।
टीम पीटीआई से बातचीत के लिए पंजाब के कार्यवाहक मुख्यमंत्री मोहसिन नकवी के निर्देश पर जमां पार्क का दौरा कर रही है। सूत्रों ने बताया कि अगर दोनों पक्ष सहमत होते हैं, तो तलाशी अभियान में 400 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को लगाया जाएगा।
वहीं, बैठक से पहले, लाहौर में माल रोड और धर्मपुरा के बीच की सड़क को पुलिस ने ब्लॉक कर दिया है, जबकि ज़मान पार्क की ओर जाने वाली सभी सड़कों को पहले ही ब्लॉक कर दिया गया है।
आज एक बैठक के दौरान पंजाब प्रांत के कार्यवाहक सीएम ने आदेश दिया है, कि बदमाशों के खिलाफ दर्ज मामलों को पूरी ताकत से आगे बढ़ाया जाएगा और "भगोड़े अपराधियों" को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
इमरान के खिलाफ ऑल ऑउट वार
हमले में शामिल होने के आरोपियों में अली अफ़ज़ल साही नाम का भी एक आरोपी शामिल हैं, जो एक न्यायाधीश का करीबी रिश्तेदार है। जिसके बाद बताया जा रहा है, कि पंजाब सरकार उस न्यायाधीश को भी अपने घर में एक आतंकी को छिपाकर रखने और उसे सभी सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर एक नोटिस भेजेगी।
पंजाब सरकार की बैठक में फैसला लिया गया है, कि आरोपियों को किसी भी प्रकार की सुविधा देना, न्याय की हत्या के बराबर है।
Recommended Video

इसके अलावा, सिंध प्रांत के पूर्व गवर्नर इमरान इस्माइल शुक्रवार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के उन नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्हें 9 मई को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सिंध के पूर्व गवर्नर को कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कराची के डिफेंस फेज 8 से हिरासत में ले लिया था। जिसके बाद अब पीटीआई नेता को दरख्शां पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर कर दिया गया है। इसके अलावा, पीटीआई के जिन नेताओं को कोर्ट ने जमानत दिया था, इस्लामाबाद और लाहौर पुलिस ने उन नेताओं को भी अभी तक रिहा नहीं किया है, जिसमें पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications