दिवालिया होने से बचने के लिए पाकिस्तान ने जायदादों की बिक्री शुरू की, रूजवेल्ट होटल को लीज पर दिया
पाकिस्तान को इस महीने 6 अरब डॉलर का विदेशी कर्ज चुकाना है, जबकि पाकिस्तान अभी तक सऊदी अरब और चीन की मदद से सिर्फ 4 अरब डॉलर ही जुटा पाया है।

Pakistan News: पाकिस्तान पर इस महीने डिफॉल्ड होने का खतरा मंडरा रहा है और अगर इस महीने भी आईएमएफ से लोन नहीं मिलता है, तो फिर पाकिस्तान डिफॉल्ट हो जाएगा।
वहीं, डिफॉल्ट होने से बचने के लिए अब पाकिस्तान ने अपनी जमीन-जायदादों को गिरवी पर रखना शुरू कर दिया है और ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने न्यूयॉर्क में अपने प्रतिष्ठित रूजवेल्ट होटल को तीन साल के लिए न्यूयॉर्क शहर प्रशासन को पट्टे पर दे दिया है।
पाकिस्तान सरकार ने रूजवेल्ट होटल को 3 सालों के लिए लीज पर देने की आधिकारिक घोषणा कर दी है और कहा है, कि इस सौदे के तहत पाकिस्तान 3 सालों में करीब 18 अरब (भारतीय रुपये) जुटाने की कोशिश में है।
आपको बता दें, कि न्यूयॉर्क का रूजवेल्ट होटल, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट के नाम पर है और इसे न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में साल 1924 में बनाया गया था।
साल 1978 में पाकिस्तान एयरलाइंस ने इस होटल को इसके मालिक होटल कारपोरेशन ऑफ अमेरिका से लीज पर लिया था और उसके 20 सालों के बाद साल 2000 में पाकिस्तान इंटरनेसऩल एयरलाइंस और प्रिंस फैजल बिन खालिद बिन अब्दुलाजीज अल साद ने मिलकर इस होटल को खरीद लिया था।
लीज पर रूजवेल्ट होटल
पाकिस्तान सरकार और न्यूयॉर्क शहर प्रशासन के बीच जो कॉन्ट्रैक्ट हुआ है, उसके मुताबिक अगले तीन सालों तक वो इस होटल का काम संभालेगा। पाकिस्तान के रेल और उड्डयन मंत्री ख्वाजा साद रफीक ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान इसकी घोषणा की।
उन्होंने कहा, कि "लीज समझौते से पाकिस्तान सरकार के लिए लगभग 220 मिलियन अमरीकी डालर का राजस्व उत्पन्न होने की उम्मीद है।"
जियो टीवी ने उनके हवाले से कहा, कि "1,250 कमरों के लिए एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किया गया है। तीन साल की लीज समाप्त होने के बाद होटल को पाकिस्तान सरकार को वापस कर दिया जाएगा।"
आपको बता दें, कि 2020 में कोविड महामारी के दौरान होटल को बंद कर दिया गया था और इसी साल के शुरूआत में इसे फिर से खोला गया है। पाकिस्तानी मंत्री ने कहा, कि "होटल का वार्षिक व्यय 25 मिलियन अमरीकी डालर है, जिसमें मौजूदा देनदारियों की राशि 20 मिलियन अमरीकी डालर है।"
रूजवेल्ट होटल को पट्टे पर देना पाकिस्तान सरकार की देश की चरमराती अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने की बड़ी योजनाओं का हिस्सा है। नकदी की तंगी से जूझ रहा पाकिस्तान और आईएमएफ देश को दिवालिया होने से बचाने के उद्देश्य से 1.1 अरब अमेरिकी डॉलर के बेलआउट पैकेज पर एक कर्मचारी-स्तर के समझौते तक पहुंचने में विफल रहे हैं।
Recommended Video

पाकिस्तान, वर्तमान में एक बड़े आर्थिक संकट से जूझ रहा है, उच्च विदेशी ऋण, कमजोर स्थानीय मुद्रा और घटते विदेशी मुद्रा भंडार ने उसे दिवालिएपन के बिल्कुल किनारे पर ला खड़ा किया है और अब पाकिस्तान के पास आयात करने की क्षमता खत्म हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications