पाकिस्तान के सांसद ने कहा- लालू यादव हैं इमरान खान के राजनीतिक गुरु
इस्लामाबाद। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता सैयद खुर्शीद शाह ने कहा कि लॉअर हाउस (नेशनल असेंबली) में इमरान खान का भाषण पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के लायक नहीं था। शाह ने यहां तक कि उनके भाषण की तुलना भारतीय नेता लालू प्रसाद यादव से भी कर डाली। उन्होंने मजाक उड़ाते हुए लालू यादव को इमरान खान का मेंटर भी बता दिया। इमरान खान ने 18 अगस्त को पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

एक पाकिस्तानी न्यूज चैनल से बात करते हुए सैयद ने कहा, 'जाहिर है कि खान का भाषण यह बताता है कि भारत के लालू प्रसाद यादव उनके राजनीतिक गुरु हैं।' खान जब प्रधानमंत्री के रूप में चुने जाने के बाद, नेशनल असेंबली में अपना पहला भाषण दे रहे थे, उस वक्त विपक्षी नेताओं ने सदन का माहौल खराब करने और हंगामा करने की कोशिश की थी, तब इमरान खान भी अपना कई बार आपा खोतो हुए दिखे थे।
सैयद ने कहा कि उन्होंने क्रिकेटर से राजनेता बने ऐसे 'गैर जिम्मेदार व्यवहार' की अपेक्षा नहीं की थी, शाह ने आगे कहा 'यदि यह नया पाकिस्तान है, तो खुदा ही हमारे ऊपर रहम करें।' इमरान खान की पाकिस्तान तेहरिक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी 25 जुलाई के आम चुनावों में 116 सीटों वाली सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। पिछले सप्ताह इमरान खान को एनए सांसदों द्वारा पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री के रूप में निर्वाचित किया गया था, जिसमें उनके पीएमएल-एन प्रतिद्वंद्वी शेहबाज शरीफ को हराया था।












Click it and Unblock the Notifications