इमरान की गिरफ्तारी का दूसरा दिन, PM शहबाज समेत दर्जनों सैन्य अधिकारियों के घर जले, रातभर गूंजती रही गोलियां
इमरान खान की गिरफ्तारी के खिलाफ उनकी पार्टी आज सुप्रीम कोर्ट जाएगी। वहीं, हाईकोर्ट ने कल इमरान खान की गिरफ्तारी को अवैध बताने से इनकार कर दिया था।

Imran Khan Arrest Second Day: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मंगलवार को इस्लामाबाद हाईकोर्ट से गिरफ्तार किया गया था, जिसे उनकी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने गैरकानूनी करार दिया है। इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पूरे पाकिस्तान में हिंसक प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
इमरान खान और उनकी पार्टी ने अपने समर्थकों से अपील की थी, वो रातभर सड़कों पर रहें, लिहाजा हजारों हजार की संख्या में इमरान खान के समर्थक रात भर बवाल काटते रहे। पूरा पाकिस्तान रात भर सुलगता रहा और ऐसा लग रहा था, कि देश में ना तो सरकार है और ना ही कानून व्यवस्था।
इमरान खान की गिरफ्तारी उस वक्त की गई, जब उन्होंने सीधे तौर पर देश की शक्तिशाली सेना और उसकी जासूसी एजेंसी आईएसआई पर हमला बोला था और उन्होंने आईएसआई के एक वरिष्ठ अधिकारी पर अपने उपर जानलेवा हमला करवाने का आरोप लगाया था।
This was last night, iA the crowds will be bigger today to protect Imran Khan! #BehindYouSkipper pic.twitter.com/lj4PVmMb61
— PTI (@PTIofficial) May 10, 2023
इमरान की गिरफ्तारी के बाद क्या सब हुआ?
1- इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में प्रदर्शनकारियों और सेना के बीच हुई हिंसक झड़पों में कम से कम एक व्यक्ति के मारे जाने की सूचना है, जबकि अन्य पांच लोग घायल हो गए। वहीं, कराची, पेशावर, रावलपिंडी और लाहौर में इसी तरह की हिंसा में लगभग 15 लोगों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने प्रदर्शनों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस छोड़ी।
हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है, कि दर्जन भर से ज्यादा लोग मारे गये हैं, लेकिन अभी तक उसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोगों को गोली लगने के बाद सड़कों पर गिरा हुआ देखा गया है।
2- इमरान खान के लगभग 4,000 समर्थकों ने लाहौर में शीर्ष क्षेत्रीय कमांडर के आधिकारिक आवास पर धावा बोल दिया और उनके घर की खिड़कियों और दरवाजों को तोड़ दिया, फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया और धरने पर बैठ गए। हालांकि, उस दौरान हिंसा भड़कने से रोकने के लिए सैनिक पीछे हट गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया और प्रमुख सड़कों को जाम कर दिया।
PTI workers have set ablaze house of Major General Faisal Naseer who is a close aide of General Asim Munir. Imran Khan had often called him Dirty Harry and accused him of murdering journalist Arshad Sharif in Kenya. pic.twitter.com/CGdU7fhPbM
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) May 9, 2023
3- प्रदर्शनकारियों ने गैरीसन शहर रावलपिंडी में पाकिस्तानी सेना के मुख्यालय के मुख्य द्वार को भी तोड़ दिया है, हालांकि, वहां पर भी सैनिकों ने संयम बरता और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। विशाल इमारत की ओर बढ़ते ही सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने इमरान खान के समर्थन में नारे लगाए।
4- पीटीआई के एक वरिष्ठ नेता फवाद चौधरी ने 71 वर्षीय पूर्व क्रिकेट स्टार की गिरफ्तारी को "अपहरण" बताया। पाकिस्तान के स्वतंत्र जीओ टीवी ने इमरान खान को खींचे जाने का एक वीडियो प्रसारित किया है।
5- पुलिस और सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (NAB) के कार्यालयों में पूछताछ के लिए इमरान खान को इस्लामाबाद के पास रावलपिंडी के गैरीसन शहर ले जाया गया है। पुलिस ने कहा कि उनका नियमित मेडिकल चेकअप भी होना था।
6- पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री राणा सनाउल्लाह ने कहा, कि इमरान खान को भ्रष्टाचार के एक मामले में राष्ट्रीय खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सनाउल्लाह ने कहा, कि इमरान को राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (NAB) के अधिकारियों ने विशेष रूप से अल-कादिर ट्रस्ट मामले में गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा, कि इमरान खान के खिलाफ अभी भी दर्जनों मामले हैं।
7- हालांकि, इन सबके बीच प्रदर्शनकारियों ने बीती रात देश के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का निजी आवास भी जला दिया है। बताया जा रहा है, कि शहबाज शरीफ के घर को काफी नुकसान पहुंचा है। आपको बता दें, कि पिछले साल अप्रैल महीने में इमरान खान को सत्ता से हटाने के बाद शहबाज शरीफ को देश का प्रधानमंत्री बनाया गया था।
8- पाकिस्तान में इंटरनेट बंद कर दिया गया है, वहीं लोग अब इंटरनेट चलाने के लिए वीपीएन का सहारा ले रहे हैं। दूसरी तरफ मीडिया पर भी सरकार की तरफ से कई पाबंदी लगा दिए गये हैं। पाकिस्तानी अखबारों में इमरान खान की गिरफ्तारी को लेकर कोई लाइव अपडेट नहीं है, वहीं पाकिस्तान के न्यूज चैनल पर खामोश पड़े हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications