पाकिस्तान में 20 दिन बाद भंग हो सकती है नेशनल असेंबली, नवाज और जरदारी की पार्टियों में बनी सहमति
पाकिस्तान में 8 अगस्त को नेशनल असेंबली को भंग कर दिया जाएगा। 13 दलों के सत्तारूढ़ गठबंधन पाकिस्तान डेमोक्रेटिक अलायंस (PDM) की दो सबसे अहम पार्टियों पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) और पाकिस्तान मुस्लिम लीग- नवाज (PML-N) ने इस पर मुहर लगा दी है।
नेशनल असेंबली का पांच साल का कार्यकाल 12 अगस्त को पूरा होने वाला है। यदि 8 अगस्त को नेशनल असेंबली भंग हो जाती है को अक्टूबर के आखिर या नवंबर के पहले हफ्ते में जनरल इलेक्शन कराए जा सकते हैं।

File Image
8 अगस्त की तारीख ही क्यों?
पाकिस्तनी अखबारों की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि 9 और 10 अगस्त पर भी चर्चा हुई, लेकिन संसद के निचले सदन को जल्द भंग करने में किसी भी बाधा से बचने के लिए आठ अगस्त को मतदान करने का फैसला किया गया है।
दरअसल पाकिस्तान संविधान के मुताबिक, सरकार जब नेशनल असेंबली को भंग करने का प्रस्ताव पास करती है तो इसे आखिरी मंजूरी के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा जाता है। अगर किसी वजह से राष्ट्रपति प्रस्ताव मंजूर नहीं करता तो 48 घंटे बाद नेशनल असेंबली भंग मानी जाती है।
चूंकि पाकिस्तान में इस वक्त राष्ट्रपति के पद पर आरिफ अल्वी बैठे हैं जो कि इमरान खान के गुट के माने जाते हैं। वे पहले भी शरीफ सरकार के काम में बाधा पहुंचाते रहे हैं। ऐसे में सरकार चाहती है कि राष्ट्रपति के फैसले में इतना मार्जिन जरूर रखा जाए कि अगर वे नेशनल असेंबली के भंग करने के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं देते हैं तो वो संवैधानिक तौर पर स्वतः भंग मानी जाए।
संविधान के मुताबिक, नेशनल असेंबली के लिए आम चुनाव उस दिन के तुरंत बाद 60 दिनों की अवधि के भीतर आयोजित किया जाना चाहिए जिस दिन असेंबली का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। इसमें ये जरूर देखा जाता है कि कहीं ये कार्यकाल के पहले तो भंग नहीं हुआ।
हालांकि, पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) 90 दिनों के भीतर आम चुनाव कराने के लिए बाध्य है, अगर विधानसभा अपने संवैधानिक कार्यकाल से पहले भंग हो जाती है। पीएमएल-एन पार्टी के नेतृत्व वाले पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) गठबंधन को लगता है कि नेशनल असेंबली को भंग करना उसके लिए फायदेमंद होगा।
हालांकि, अब तक आधिकारिक तौर पर दोनों ही पार्टियों या गठबंधन ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। सूचना मंत्री मरियम औरंगजेब ने मंगलवार को साफ कहा कि नेशनल असेंबली को भंग किए जाने की तारीख को लेकर मौजूदा सरकार और उसके सहयोगियों द्वारा कोई फैसला नहीं लिया गया है।
इससे पहले पिछले हफ्ते पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने कहा था कि हमारी सरकार का टेन्योर 14 अगस्त को खत्म हो जाएगा और इलेक्शन अक्टूबर या नवंबर तक हो जाएंगे। इलेक्शन की तारीखों का फैसला इलेक्शन कमीशन को करना है।












Click it and Unblock the Notifications