पाकिस्तान में पूर्व चीफ जस्टिस साकिब निसार के घर ग्रेनेड से हमला, 2017 में नवाज शरीफ को ठहराया था अयोग्य
पाकिस्तान के पूर्व मुख्य न्यायाधीश साकिब निसार के लाहौर स्थित आवास पर बुधवार को आतंकी हमला हुआ। इस हमले में कम से कम दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, पूर्व चीफ जस्टिस के घर पर गैराज में ग्रेनेड से हमला हुआ है।
पाक मीडिया चैनलों के मुताबिक, इस हमले में साकिब निसार और उनका परिवार बच गया है मगर उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने प्राथमिक जांच में आतंकी हमला या विदेशी साजिश का शक जताया है।

Photo: Supreme Court of Pakistan
पूर्व न्यायाधीश ने एक टीवी चैनल से बात करते हुए कहा कि वे और उनका परिवार हमले के वक्त घर पर ही थे। अचनाक एक शक्तिशाली विस्फोट हुआ। जब वे अपने गैरेज पहुंचे तो वहां उन्होंने दो पुलिसकर्मियों को घायल अवस्था में देखा। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने ग्रेनेड फेंका और भाग गए।
पंजाब पुलिस ने एक बयान में कहा कि प्रांतीय प्रमुख उस्मान अनवर ने घटना का संज्ञान लिया है और लाहौर के पुलिस अधिकारी से रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि घायल पुलिसकर्मी को सर्वोत्तम चिकित्सा सेवाएं उपलबंध कराई जाएं।
बता दें कि बतौर चीफ जस्टिस निसार ने 2017 में पूर्व पीएम नवाज शरीफ को अयोग्य करार दिया था। पंजाब पुलिस ने कहा, "पूर्व सीजेपी के परिवार के सदस्य पूरी तरह से सुरक्षित हैं। आईजी ने घटना की सभी पहलुओं से जांच करने का निर्देश दिया है और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
बयान में यह भी कहा गया कि कांस्टेबल आमिर और खुर्रम को मामूली चोटें आईं हैं। प्रांतीय आपातकालीन सेवा के प्रवक्ता फारूक अहमद ने एक बयान में कहा कि बचाव दल की टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया।
पंजाब पुलिस के प्रवक्ता ने कहा है, ''प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह हमारे दुश्मनों द्वारा देश में भय और आतंक फैलाने का एक दुर्भावनापूर्ण प्रयास है। इस हमले के पीछे विदेशी साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है और सबूतों की जांच की जा रही है, आगे कहा गया कि दोषियों का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा।''
रिपोर्ट के अनुसार, न्यायमूर्ति निसार 18 फरवरी, 2010 में शीर्ष अदालत के न्यायाधीश नियुक्त हुए थे। इससे पहले, वह लाहौर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश थे। साल 2017 में उन्होंने नवाज शरीफ को पीएम पद के लिए अयोग्य ठहराया था।
चार बाद लंदन से पाकिस्तान आने के बाद पूर्व पीएम नवाज शरीफ ने 2017 में उन्हें सत्ता से बाहर करने के लिए पूर्व मुख्य न्यायाधीश साकिब निसार पर कई बार निशाना साधा है। निसार की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट बेंच ने 2017 में पनामा पेपर्स मामले में नवाज शरीफ को अयोग्य घोषित कर दिया था।
दिलचस्प बात है कि नवाज शरीफ ने ही निसार को पाकिस्तानी कानून और न्याय मंत्रालय के तहत कानून सचिव के पद पर नियुक्त किया था। पाकिस्तान के इतिहास में यह पहली बार था कि बार से किसी को इस पद के लिए नामांकित किया गया था। इससे भी अधिक दिलचस्प तथ्य यह है कि नवाज शरीफ ने निसार को लाहौर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के साथ-साथ सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पद पर पदोन्नत किया था।












Click it and Unblock the Notifications