13 करोड़ मतदाता, 5 हजार उम्मीदवार... पाकिस्तान आम चुनाव में परसों डाले जाएंगे वोट, 10 प्वाइंट में समझिए
Pakistan Election: आसमान छूती महंगाई और भीषण आर्थिक और राजनीतिक संकटों के बीच, पाकिस्तान में 8 फरवरी को राष्ट्रीय चुनाव आयोजित किए जा रहे हैं और एक ही दिन में पूरे देश में चुनाव होंगे। हालांकि, चुनाव में नवाज शरीफ या बिलावल भुट्टो के बीच ही किसी को प्रधानमंत्री बनना है।
लिहाजा, पाकिस्तानी विशेषज्ञ भी इस चुनाव को इलेक्शन नहीं, बल्कि सलेक्शन कह रहे हैं। इमरान खान को चुनाव से पहले 31 सालों की सजा मिल चुकी है और सेना की तरफ से जनता को संदेश दे दिया गया है, कि इमरान खान की जगह अब जेल में है और उन्हें वोट देने से कोई मतलब नहीं है।

इस रिपोर्ट में हम आपको 10 प्वाइंट में पाकिस्तान में होने वाले चुनाव, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति और इसकी चुनावी प्रणाली के बारे में बताते हैं।
1. 12.8 करोड़ रजिस्टर्ड मतदाता
पाकिस्तान की आबादी करीब 24 करोड़ 10 लाख है और इतनी आबाजी के साथ वो दुनिया की पांचवी सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है, जिनमें से करीब 12 करोड़ 80 लाख लोग रजिस्टर्ड मतदाता हैं। मतदाताओं में 6 करोड़ 90 लाख पुरूष और 5 करोड़ 90 लाख वोटर्स महिलाएं हैं।
हालांकि, इस बार के चुनाव में भी मतदान का प्रतिशत काफी कम होने की संभावना है। 2018 के चुनावों में 52% से भी कम मतदान हुआ था, वहीं पाकिस्तान के चुनावी इतिहास में सबसे ज्यादा मतदान साल 1971 में हुआ था, जब 61 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला था।
2. 44% मतदाता 35 वर्ष से कम उम्र के
पाकिस्तान एक युवा देश है, जिसकी औसत आयु सिर्फ 20 वर्ष है। यह पाकिस्तान की जनसंख्या और उसके रजिस्टर्ड मतदाताओं के बीच असमानता को स्पष्ट करता है। जनसंख्या का एक बड़ा हिस्सा अभी भी 18 वर्ष का नहीं हुआ है, जो कि पाकिस्तान में मतदान करने की कानूनी उम्र है। पंजीकृत मतदाताओं में भी, 44% 35 वर्ष से कम आयु के हैं, जो आगामी चुनावों में युवाओं को सबसे महत्वपूर्ण जनसांख्यिकीय बनाता है।
3. नेशनल असेंबली में 266 सीधे निर्वाचित सीटें
पाकिस्तान की संसद को नेशनल असेंबली कहा जाता है और मतदाता, पाकिस्तान की द्विसदनीय संसदीय प्रणाली के निचले सदन, नेशनल असेंबली में 266 प्रतिनिधियों को सीधे चुनने के लिए मतदान करते हैं। भारत की तरह, पाकिस्तान भी फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट सिस्टम का पालन करता है, जिसका अर्थ है, कि किसी दिए गए निर्वाचन क्षेत्र में सबसे ज्यादा वोट प्राप्त करने वाले उम्मीदवार को ही विजयी उम्मीदवार माना जाता है।
पाकिस्तान की ऊपरी सदन को सीनेट कहा जाता है।
4. 60 सीटें महिलाओं के लिए, 10 गैर-मुसलमानों के लिए आरक्षित
नेशनल असेंबली की 266 सीटों के अलावा, नेशनल असेंबली में महिलाओं के लिए 60 सीटें और गैर-मुसलमानों के लिए 10 सीटें भी आरक्षित हैं। इन्हें राष्ट्रीय चुनावों में उनके प्रदर्शन के अनुपात में राजनीतिक दलों को आवंटित किया जाता है। इन 10 सीटों पर चुनाव नहीं होते हैं।
5. पंजाब में हैं सबसे ज्यादा 173 सीटें
पाकिस्तान में 4 प्रांत हैं - पंजाब, सिंध, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा - और इस्लामाबाद राजधानी क्षेत्र। इन प्रांतों की जनसंख्या में असमानता बेतहाशा चिंता पैदा करती हैं, और परिणामस्वरूप, नेशनल असेंबली में अलग अलग राज्यों की संसदीय सीटों की संख्या में काफी ज्यादा अंतर होता है।
पंजाब प्रांत में सबसे ज्यादा 173 सीटे हैं, जिनमें से 141 सीटों पर डायरेक्ट चुनाव होता है, जबकि 32 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। लिहाजा, पाकिस्तान की राजनीति सिर्फ पंजाब तक ही सीमित रहती है और पंजाबी ही देश के दूसरे प्रांतों की तकदीर का फैसला करते हैं।
इसके बाद सिंध (61 डायरेक्ट, 14 आरक्षित), खैबर पख्तूनख्वा (45 डायरेक्ट, 10 आरक्षित), बलूचिस्तान (16 डायरेक्ट, 4 सीटें आरक्षित) हैं और इस्लामाबाद की तीन सीटों पर डायरेक्ट चुनाव होता है।

6. इस बार के चुनाव में 5 हजार 121 उम्मीदवार
पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने आगामी चुनावों के लिए 5,121 उम्मीदवारों को रजिस्टर्ड किया है - प्रति सीट औसतन 19 से ज्यादा उम्मीदवार चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें से 4,806 (लगभग 94%) पुरुष हैं, और केवल 312 महिलाएं हैं। इस चुनाव में 2 ट्रांसजेंडर उम्मीदवार भी हैं।
7. 167 पंजीकृत पार्टियां
ये उम्मीदवार चुनाव आयोग के साथ रजिस्टर्ड 167 राजनीतिक दलों में से किसी ना किसी से संबंधित हैं, या फिर स्वतंत्र उम्मीदवार हैं। चुनाव लड़ने वाली प्रमुख पार्टियां नवाज शरीफ की पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) (पीएमएल-एन), और बिलावल भुट्टो और आसिफ अली जरदारी के नेतृत्व वाली पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) हैं। इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) को उसके चुनाव चिन्ह के तहत चुनाव लड़ने से रोक दिया गया है, जिसके बाद पीटीआई के उम्मीदवार स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ रहे हैं।
8. 90,582 मतदान केंद्र
8 फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए देश भर में 90,582 मतदान केंद्र बनाए गये हैं। इन मतदान केंद्रों को 'अत्यधिक संवेदनशील' (लगभग 17,500 स्टेशन), 'संवेदनशील' (32,508), और 'सामान्य' (लगभग 42,500) के रूप में वर्गीकृत किया गया है। भारत के विपरीत, पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों का उपयोग नहीं करता है, बल्कि मतपेटियों पर निर्भर रहता है।
9. 30% के करीब मुद्रास्फीति, रसातल में रुपया
चुनावों से पहले, पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था मंदी में है, और संभवतः यह मतदाताओं के लिए सबसे बड़ा मुद्दा है। मुद्रास्फीति यानि देश में महंगाई दर 30% के ऊपर है, और पिछले दो वर्षों में, पाकिस्तान की मुद्रा, पाकिस्तानी रुपया, अमेरिकी डॉलर की तुलना में अपने मूल्य का लगभग 50% खो चुका है। वर्तमान में, पाकिस्तान को आईएमएफ से $ 3 बिलियन का बेलआउट मिल रहा है, जिसके कारण सामाजिक खर्च में और कटौती हुई है और देश में करीब करीब हर सामान की कीमत कई गुना ज्यादा है।
10. 100 पीटीआई कार्यकर्ता गिरफ्तार
पाकिस्तान के चुनाव हमेशा भ्रष्टाचार और बेइमानी और फौजी दखल के आरोपों से घिरे रहे हैं और यह चुनाव भी अलग नहीं है। पाकिस्तान में सबसे लोकप्रिय राजनीतिक शख्सियतों में से एक, पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान कई आरोपों में गिरफ्तार हैं और पीटीआई को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया है। पीटीआई ने आरोप लगाया है, कि अधिकारियों ने सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों को गिरफ्तार किया है। यह देखना अभी बाकी है कि पाकिस्तानी जनता पीटीआई को दरकिनार किए जाने पर क्या प्रतिक्रिया देगी।












Click it and Unblock the Notifications