'बॉलीवुड से दिल टूट गया, उन्होंने एक बार भी...', जानिए पाकिस्तानी अभिनेत्री ने क्यों जताई निराशा?
महविश हयात पाकिस्तान की प्रसिद्ध अभिनेत्रियों में शुमार हैं, हालांकि वो अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी की इस्लामोफोबिया बताकर उसकी आलोचना कर चुकी हैं।
इस्लामाबाद, सितंबर 04: पाकिस्तानी अभिनेत्री महविश हयात ने कहा है, कि उनका दिल बॉलीवुड से टूट गया है, क्योंकि बॉलीवुड अभिनेताओं ने एक बार फिर पाकिस्तान में आई भीषण बाढ़ पर प्रतिक्रिया नहीं दी है। पाकिस्तानी अभिनेत्री ने कहा कि, भारतीय अभिनेताओं को पाकिस्तान में काफी पसंद किया जाता है और यहां उनके लाखों फैन्स हैं, लेकिन आपदा की इस घड़ी में भारतीय कलाकर चुप्पी साधे हुए हैं और उन्होंने एक बार फिर पाकिस्तान को लेकर दुख नहीं जताया है।
Recommended Video

पाकिस्तानी अभिनेत्री ने जताया दुख
पाकिस्तानी अभिनेत्री ने कहा कि, पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों को काफी पसंद किया जाता है, लेकिन ऐसे वक्त में जब देश विनाशकारी बाढ़ का सामना कर रहा था और दुनिया भर के लोग इसपर दुख जता रहे हैं, उसवक्त भारतीय बॉलीवुड खामोश है। आपको बता दें कि, पाकिस्तान में भारी बारिश और ग्लेशियरों के पिघलने की वजह से अभूतपूर्व बाढ़ आई है, जिसमें अभी तक 1200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और आधा से ज्यादा पाकिस्तान प्रभावित है, जबकि 3 करोड़ 30 लाख लोगों की जिंदगी बाढ़ की वजह से सीधे तौर पर प्रभावित हुई है। पाकिस्तान की मदद के लिए अमेरिका और फ्रांस समेत कई देश आगे आए हैं और शुक्रवार को यूएन प्रमुख भी पाकिस्तान का दौरा करने वाले हैं। पाकिस्तान में आई इस भीषण तबाही के लिए जलवायु परिवर्तन जिम्मेदार है और इसमें सिंध और बलूचिस्तान काफी ज्यादा प्रभावित हैं।

बड़ी अभिनेत्री हैं महविश
आपको बता दें कि, महविश हयात पाकिस्तान की प्रसिद्ध अभिनेत्रियों में शुमार हैं, हालांकि वो अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी की इस्लामोफोबिया बताकर उसकी आलोचना कर चुकी हैं। वहीं अब महविश हयात ने बॉलीवुड सेलेब्स से अपील की है, कि वे यह दिखाएं कि वे राजनीति से ऊपर उठ सकते हैं और 'पाकिस्तान में अपने प्रशंसकों की परवाह' करते हैं। शनिवार को महविश हयात ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर पत्रकार हारून राशिद का एक नोट साझा किया है, जो बीबीसी पर एक शो होस्ट करते हैं। उनकी पोस्ट को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा है कि, "बॉलीवुड बिरादरी की चुप्पी बहरी है। पीड़ित कोई राष्ट्रीयता, जाति या धर्म नहीं जानता और उनके लिए (बॉलीवुड) यह दिखाने का इससे बेहतर समय नहीं है, कि वे राष्ट्रवादी राजनीति से ऊपर उठ सकते हैं और पाकिस्तान में अपने प्रशंसकों की परवाह कर सकते हैं। हम आहत हो रहे हैं और अगर वो इसपर अपनी भावना का इजहार करते हैं, तो वो गलत नहीं होंगे।"

हारून ने क्या कहा था?
अपने मूल पोस्ट में बीबीसी पत्रकार हारून ने कहा था, कि "मैंने वास्तव में सोचा था कि मानवता की कोई सीमा नहीं है, लेकिन यह बता रहा है कि शायद ही किसी बॉलीवुड सितारे ने पाकिस्तान में विनाशकारी बाढ़ के बारे में पोस्ट किया हो, उन्हें पाकिस्तान में आई बाढ़ के लिए जागरूकता बढ़ाने और सहानुभूति दिखाना चाहिए था। वे जानते हैं कि वे कितने लोकप्रिय हैं और अगर वो पाकिस्तान की बाढ़ के बारे में बात करते, तो इसका काफी अर्थ होता और बाढ़ की इस भयावहता के बारे में और भी लोग जान पाते।" उन्होंने अपने नोट के साथ टूटे हुए दिल का इमोजी भी शेयर किया था।

महविश चला रही जागरूकता अभियान
पाकिस्तान बेबसी की हालात से गुजर रहा है और देश के प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री दुनिया से मदद की अपील कर चुके हैं और वित्त मंत्री ने कहा है कि, जो हालात बने हैं, उससे अकेले पाकिस्तान बाहर नहीं आ सकता है, क्योंकि ये विनाशकारी प्राकृतिक आपदा है। वहीं, पाकिस्तानी अभिनेत्री महविश हयात अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान में बाढ़ से हुई तबाही के बारे में जागरूकता फैलाती नजर आ रही हैं और बीबीसी जैसे चैनलों को इंटरव्यू दे रही हैं। हाल ही में सुपरमॉडल बेला हदीद ने एक क्लिप साझा की थी, और लोगों से पाकिस्तान में आई बाढ़ की वजह से पीड़ितों की मदद करने के बारे में किसी भी जानकारी के साथ उन्हें संदेश भेजने के लिए कहा था। बेला ने इंस्टाग्राम पर छोटे स्कूली बच्चों को बाढ़ के पानी से बचाने के लिए जल्दबाजी करते हुए एक वीडियो साझा किया था। उन्होंने लिखा था कि, "पाकिस्तान की मदद करने के लिए वास्तविक तरीका खोजना होगा। अगर आपके पास कोई जानकारी है तो मुझे कृपया मुझे मैसेज करें।"।

भुखमरी की आ सकती है नौबत
सीएनएन के मुताबिक, पाकिस्तान में आई भीषण बाढ़ के कारण कई और समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। भोजन की आपूर्ति कम हो ही है, क्योंकि पानी के कारण लाखों एकड़ फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। हजारों मवेशी पानी में बह गए हैं। बाढ़ के कारण विभिन्र तरह की बीमारियों से लोगों के ग्रसित होने की संभावना प्रबल हो रही है। कुल मिलाकर देखा जाए तो , पाकिस्तान इस वक्त घोर प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा है। आने वाले दिनों में यहां भारी खाद्य संकट का खतरा उत्पन्न हो सकता है। 30 अगस्त को ईएसए ने बाढ़ से संबंधित कई तस्वीरें जारी की थीं। जिनमें पाकिस्तान में मूसलाधार बारिश के कारण (सामान्य से 10 गुना अधिक) सिंधु नदी के जल प्रवाह को और भी विकराल रूप दे दिया था। नदियां उफान पर है और सड़कें झील में तब्दील हो चुकी हैं। पाकिस्तान अभूतपूर्व बाढ़ के कारण दोहरे भोजन और स्वास्थ्य संकट उत्पन्न हो गया है।

क्या अब बोलेगा बॉलीवुड?
पाकिस्तान से उठ रही आवाजों के बीच सवाल ये उठ रहे हैं, कि क्या भारतीय अभिनेता पाकिस्तान में आई बाढ़ पर अपनी संवेदना जताएंगे? हालांकि, इसकी उम्मीद कम नजर आ रही है, क्योंकि पहले से भी बॉयकॉट बॉलीवुड की वजह से कई अभिनेताओं की फिल्म फ्लॉप हो चुकी है और ऐसे वक्त में पाकिस्तान के प्रति संवेदन जताने से उनकी और नकारात्मक पल्बिसिटी हो सकती है, लेकिन देखा जाए तो मानवता के लिए आवाज उठाना कतई गलत नहीं हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications