बाल-बाल बचे इमरान खान, उड़ान भरते ही विमान में आई खराबी, 5 मिनट में हुई इमर्जेंसी लैंडिंग
इस्लामाबाद, 11 सितंबरः पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को ले जा रहा एक विमान शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से बालबाल बच गया। तकनीकी खराबी आने की वजह से उड़ान भरने के थोड़ी देर बाद ही विमान की इमर्जेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी।डेली पाकिस्तान ने एक स्थानीय टीवी चैनल की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इमरान खान एक विशेष विमान से गुजरांवाला में एक रैली को संबोधित करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही उनका विमान संतुलन खोने लगा। इसके बाद पायलट ने तुरंत कंट्रोल टावर से संपर्क किया और इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर विमान की इमर्जेंसी लैंडिंग करवाई गई।
Recommended Video

सड़क मार्ग से पूरी की यात्रा
हालांकि विमान में आयी खराबी के बाद भी इमरान खान ने सड़क मार्ग से अपनी यात्रा जारी रखी और गुंजरावाला पहुंच कर रैली को संबोधित भी किया। हालांकि अन्य जानकारी के मुताबिक इमरान खान का विमान खराब नहीं हुआ था। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के अजहर माशवानी ने कहा कि खराब मौसम की वजह से इमरान खान का विमान इस्लामाबाद लौट आया था। उन्होंने कहा कि विमान में तकनीकी खराबी की रिपोर्ट सही नहीं है। गुंजरावाला पहुंचे इमरान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर देश और अर्थव्यवस्था की रक्षा करनी है तो लोगों को आवाज उठानी पड़ेगी।
अर्थव्यवस्था को लेकर जताई चिंता
जिन्ना स्टेडियम में बोलते हुए इमरान खान ने कहा कि जिनके पास ताकत है वे सवालों के जवाब दें कि सरकार देश की अर्थव्यवस्ता को लगातार गर्त में क्यों ले जा रही है। इमरान खान ने कहा कि इस देश में ऐसे लोग जिनके पास जिम्मेदारी है खुद को तटस्थ कहते हैं, लेकिन देश की बदहाली के लिए लोग उन्हें ही जिम्मेदार ठहराएंगे। लोग कहेंगे कि इस हालत के लिए आप जिम्मेदार हैं। आप देश को डूबने से बचा सकते थे लेकिन आपने कुछ नहीं किया।
निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग दोहराई
इमरान खान ने पाकिस्तान में निष्पक्ष चुनाव कराए जाने की अपनी मांग दोहराई। इमरान खान ने कहा कि अगर सरकार चुनाव नहीं कराती है तो लोग सड़कों पर उतरकर मार्च करेंगे और फिर जबरन चुनाव करवाया जाएगा। बता दें कि इमरान खान अपनी एक टिप्पणी को लेकर अदालत की अवमानना मामले का भी सामना कर रहे हैं। वहीं उनके ऊपर आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का भी मामला दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications